BPSC Exam Pattern Change : बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षाओं की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए एक बड़ा अपडेट सामने आया है. आयोग ने परीक्षा पैटर्न में एक बड़ा बदलाव किया है, जिससे अब प्रश्नों को हल करने का तरीका बदल जाएगा. पहले जहां ऑब्जेक्टिव सवालों में चार ऑप्शंस होते थे, वहीं अब पांचवां विकल्प ‘E' भी जोड़ा गया है. इस नए बदलाव के बाद उम्मीदवारों को जवाब चुनते समय ज्यादा सावधानी बरतनी होगी. माना जा रहा है कि यह कदम परीक्षा को अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए उठाया गया है.
क्या है नया विकल्प 'E' और क्यों पड़ा इसकी जरूरत?आयोग की तरफ से जारी नई गाइडलाइन के मुताबिक, अब हर सवाल के नीचे पांच विकल्प (A, B, C, D और E) दिए जाएंगे. इसमें विकल्प 'E' का अर्थ है- ‘प्रयास नहीं किया गया (Not Attempted)' या 'उत्तर नहीं पता (Not Answered)'. अब तक उम्मीदवार जिन सवालों के जवाब नहीं जानते थे, उन्हें खाली छोड़ देते थे. इस दौरान आरोप लगाए जाते रहे कि कुछ उम्मीदवार खाली छोड़े गए प्रश्नों में बाद में छेड़छाड़ कर उत्तर भर देते थे इसी को ध्यान में रखते हुए अब हर अभ्यर्थी के लिए यह अनिवार्य कर दिया गया है कि वह सवाल हल करे या न करे, उसे ओएमआर शीट पर अपनी प्रतिक्रिया दर्ज करनी ही होगी.
ध्यान रखें.. गोला खाली छोड़ा तो कटेंगे नंबरइस बदलाव का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा 'नेगेटिव मार्किंग' से जुड़ा है. अगर आप किसी सवाल का जवाब नहीं देना चाहते, तो आपको अनिवार्य रूप से 'E' ऑप्शन का गोला भरना होगा. अगर आप पांचों में से कोई भी ऑप्शन नहीं चुनते और गोले को खाली छोड़ देते हैं, तो आयोग उसे दंडनीय मानेगा. ऐसी स्थिति में अभ्यर्थी के 1/3 अंक काट लिए जाएंगे. यानी अब 'नो रिस्पॉन्स' की स्थिति में भी आपको अपनी जेब से नंबर गंवाने पड़ेंगे.
धांधली रोकने के लिए आयोग का 'फुलप्रूफ' प्लानBPSC के इस कड़े रुख के पीछे सबसे बड़ी वजह परीक्षा प्रक्रिया को और ज्यादा विश्वसनीय बनाना है. OMR शीट पर जब हर प्रश्न का गोला भरा होगा, तो बाद में उसमें किसी भी तरह की छेड़छाड़ या बाहरी दखलंदाजी की गुंजाइश खत्म हो जाएगी. इससे न केवल मूल्यांकन सटीक होगा, बल्कि भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों का भरोसा भी बढ़ेगा.
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सलाहआयोग ने साफ किया है कि यह नई व्यवस्था आगामी सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में लागू कर दी जाएगी. परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को अब न सिर्फ अपने ज्ञान पर, बल्कि OMR शीट भरने की सटीकता पर भी ध्यान देना होगा. अब परीक्षा हॉल में समय मैनेजमेंट इस तरह करना होगा कि अंत में कोई भी प्रश्न बिना किसी ऑप्शन (कम से कम 'E') के न छूटे, ताकि आप बेवजह होने वाली अंक कटौती से बच सकें.
यह भी पढ़ें- IIT Delhi Recruitment 2026: प्रोजेक्ट डायरेक्टर और असिस्टेंट पदों पर निकली भर्ती, 2.5 लाख मिलेगी Salary
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं