CTET Career Scope : CTET अगर आपने CTET (Central Teacher Eligibility Test) की परीक्षा पास कर ली है, तो समझ लीजिए कि आपने शिक्षक बनने की पहली और सबसे बड़ी सीढ़ी चढ़ ली है. लेकिन अक्सर उम्मीदवारों के मन में यह सवाल होता है कि परीक्षा तो पास कर ली, पर अब आगे क्या? क्या सीधे नौकरी मिल जाएगी या अभी कुछ और एग्जाम देने होंगे. आज आपके सारे सवालों के जवाब मिल जाएंगे.
कहां-कहां मिल सकती है नौकरी?
CTET पास करना आपके लिए केंद्र सरकार के स्कूलों के दरवाजे खोल देता है.
केंद्रीय विद्यालय (KVS)देश के सबसे प्रतिष्ठित स्कूलों में से एक. यहां जॉब और सैलरी दोनों टॉप क्लास मिलती हैं.
नवोदय विद्यालय (NVS)अगर आप आवासीय स्कूलों (Residential Schools) में पढ़ाना चाहते हैं, तो यह बेस्ट ऑप्शन है.
दिल्ली के सरकारी स्कूल (DSSSB)दिल्ली में टीचर बनने का सपना हर किसी का होता है और इसके लिए CTET अनिवार्य है.
केंद्र शासित प्रदेशों के स्कूलचंडीगढ़, अंडमान-निकोबार और लद्दाख जैसे इलाकों के सरकारी स्कूलों में भी आप अप्लाई कर सकते हैं.
प्राइवेट स्कूलअब अच्छे प्राइवेट स्कूल भी उन्हीं को वरीयता देते हैं जिनके पास CTET सर्टिफिकेट होता है.
सैलरी कितनी मिलती है
7वें वेतन आयोग के बाद एक सरकारी टीचर की शुरुआती सैलरी -
PRT (प्राइमरी टीचर - कक्षा 1 से 5) की शुरुआती नेट सैलरी लगभग 36,000 से 37,000 रुपये के आसपास होती है. वहीं, TGT (ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर - कक्षा 6 से 8) की इन-हैंड सैलरी लगभग 44,000 से 46,000 रुपये तक जाती है. जबकि PGT (पोस्ट ग्रेजुएट टीचर - कक्षा 9 से 12) सीनियर लेवल पर सैलरी 48,000 से 50,000 रुपये के ऊपर तक पहुंचती है.
(नोट: इसमें ग्रेड पे, एचआरए और अन्य भत्ते भी शामिल होते हैं.)
क्या है CTET सर्टिफिकेट की पावर
सबसे अच्छी बात यह है कि अब इस सर्टिफिकेट की मान्यता जीवनभर (Lifetime) के लिए कर दी गई है. यानी एक बार अच्छे नंबरों से पास हो गए, तो दोबारा परीक्षा देने की जरूरत नहीं. जनरल कैटेगरी के लिए 60% (90 अंक) और रिजर्व कैटेगरी (SC/ST/OBC) के लिए 55% (82 अंक) लाना जरूरी है.
CTET के बाद यहां भी हैं मौके
आप स्कूलों को सिलेबस और पढ़ाई के तरीकों पर सलाह दे सकते हैं, यानी एजुकेशन कंसल्टेंट के तौर पर काम कर सकते हैं
- आजकल एड-टेक (Ed-tech) कंपनियां जैसे बायजूस या अनएकेडमी में पढ़ाई का मटेरियल लिखने वालों की भारी डिमांड है. इस प्रोफेशन को एजुकेशनल कंटेंट क्रिएटर कहते हैं.
- आप नए बनने वाले शिक्षकों को ट्रेनिंग दे सकते हैं.
अगर CTET क्लियर नहीं हुआ, तो क्या करें?
घबराने की कोई बात नहीं है. CTET साल में दो बार होता है, आप दोबारा कोशिश कर सकते हैं. इसके अलावा, आप अपने राज्य की TET परीक्षा, जैसे- UPTET, REET, BTET भी दे सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं