विज्ञापन

सुप्रीम कोर्ट में क्या होते हैं कोर्ट मास्टर? जिनके 20 पदों पर निकली है भर्ती, 2 लाख है सैलरी

Court Masters Supreme Court: सुप्रीम कोर्ट ने एक बार फिर कोर्ट मास्टर की भर्ती निकाली है. इस बार 20 पदों पर आवेदन मांगे गए हैं. सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 25 अक्टूबर से आवेदन कर सकते हैं.

सुप्रीम कोर्ट में क्या होते हैं कोर्ट मास्टर? जिनके 20 पदों पर निकली है भर्ती, 2 लाख है सैलरी
सुप्रीम कोर्ट में निकली है कोर्ट मास्टर की भर्ती

सुप्रीम कोर्ट ने एक बार फिर कोर्ट मास्टर की वैकेंसी निकाली है. इसके लिए नोटिफिकेशन जारी हो चुका है. उम्मीदवार सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट sci.gov.in पर जाकर अपना ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. नोटिफिकेशन में बताया गया है कि 25 अक्टूबर 2026 से इस भर्ती के लिए आवेदन शुरू होंगे और 15 नवंबर तक अपना आवेदन कर सकते हैं. कुल 20 पदों पर ये भर्ती निकाली गई है, जिसके लिए सैलरी दो लाख रुपये तक दी जाएगी. ऐसे में आज हम आपको बताएंगे कि कोर्ट मास्टर कौन होते हैं और इनका ऐसा क्या काम होता है कि इस पोस्ट पर इतनी तगड़ी सैलरी मिल रही है. 

कौन होते हैं कोर्ट मास्टर?

सुप्रीम कोर्ट में कोर्ट मास्टर का काम काफी अहम होता है. कोर्ट की पूरी प्रोसीडिंग को रिकॉर्ड करना, इसे शॉर्टहैंड में तेजी से लिखना और ट्रांसक्रिप्ट करने का काम ये लोग करते हैं. कुल मिलाकर न्यायिक रिकॉर्ड बनाने का काम कोर्ट मास्टर का होता है. ये एक ग्रुप-ए का पद है, यही वजह है कि इसके लिए अच्छा अनुभव मांगा जाता है और नौकरी मिलना काफी मुश्किल होता है. 

कोर्ट मास्टर शॉर्टहैंड के एक्सपर्ट होते हैं, जो जजों के साथ करीब से काम करते हैं. जजों को कार्यवाही से जुड़े किसी भी तरह के डॉक्यूमेंट की जरूरत होती है तो कोर्ट मास्टर से संपर्क किया जाता है. कुल मिलाकर अपने नाम की तरह ये कोर्ट के मास्टर होते हैं और कोर्ट रूम का पूरा मैनेजमेंट संभालने का काम करते हैं. 

कौन कर सकता है आवेदन?

सुप्रीम कोर्ट में निकली कोर्ट मास्टर की वैकेंसी के लिए आवेदन हर कोई नहीं कर सकता है. इसके लिए शैक्षणिक योग्यता के अलावा काम करने का अनुभव भी मांगा जाता है. आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास कम से कम ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए, साथ ही अंग्रेजी शॉर्टहैंड में 120 शब्द प्रति मिनट की स्पीड और कंप्यूटर पर 40 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड मांगी गई है. 

अनुभव की बात करें तो उम्मीदवार को किसी सरकारी विभाग में स्टेनोग्राफर या फिर पीएसयू में प्राइवेट सेक्रेटरी के तौर पर पांच साल का अनुभव होना जरूरी है. इस भर्ती के लिए उम्मीदवार की उम्र 30 साल से 45 साल तक होनी चाहिए. पे-मैट्रिक्स लेवल-11 के तहत कोर्ट मास्टर को 67,700 रुपये से 2,08,700 रुपये महीने की सैलरी दी जाएगी. इसके अलावा बाकी भत्ते और सुविधाएं भी मिलेंगीं. 

क्या है सिलेक्शन प्रोसेस?

कोर्ट मास्टर के पद पर आवेदन करने के बाद लिखित परीक्षा होती है. ये कुल 100 अंक की परीक्षा होती है, जिसमें किसी भी तरह की नेगेटिव मार्किंग नहीं होती. इसके बाद शॉर्टहैंड और कंप्यूटर का टेस्ट होता है और फिर आखिर में इंटरव्यू लिया जाता है. 

यह भी पढ़ें | UPSC इंटरव्यू में 165 से सीधे 216 नंबर, IIT दिल्ली से पढ़ीं कोमल मावी ने बताया अपना सीक्रेट

यह भी पढ़ें | मेडिकल की पढ़ाई में कौन सी होती है सबसे महंगी ब्रांच? डिग्री लेने के बाद करोड़ों में होती है कमाई

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Court Masters, Court Masters Supreme Court, Court Master Salary, Court Master Vacancy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com