कॉलेज की पढ़ाई के दौरान कई छात्र जेब खर्च निकालने, परिवार का आर्थिक सहयोग करने या करियर के लिए अनुभव हासिल करने के लिए पार्ट-टाइम जॉब करना चाहते हैं. आज के समय में डिजिटल प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन वर्क के बढ़ते विकल्पों की वजह से पढ़ाई के साथ काम करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है. जानें ऐसे 5 पार्ट टाइम जॉब्स के बारे में, जिन्हें कॉलेज की पढ़ाई के साथ आसानी से किया जा सकता है.
1. ऑनलाइन ट्यूटर (Online Tutor)
अगर आपकी किसी विषय पर अच्छी पकड़ है, तो आप स्कूल या कॉलेज के छात्रों को ऑनलाइन पढ़ा सकते हैं. गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, कोडिंग और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए टीचर्स की काफी मांग रहती है.
ये काम आप घर बैठे आसानी से कर सकते हैं. कमाई के साथ अपनी पढ़ाई का बेहतर संतुलन बना सकते हैं. जो विषय आप पढ़ाते हैं, उस पर पकड़ और मजबूत होती है.
2. फ्रीलांस कंटेंट राइटिंग
अगर आपको लिखने का शौक है, तो कंटेंट राइटिंग एक अच्छा विकल्प हो सकता है. वेबसाइट, ब्लॉग, सोशल मीडिया और डिजिटल मार्केटिंग कंपनियां फ्रीलांस राइटर्स को प्रोजेक्ट के आधार पर काम देती हैं. इसके लिए आपकी भाषा पर अच्छी पकड़ होनी चाहिए. रिसर्च करने की क्षमता होनी चाहिए और समय पर काम पूरा कर पाने का जज्बा होना चाहिए.
3. सोशल मीडिया मैनेजमेंट
आज छोटे-बड़े बिजनेस अपने सोशल मीडिया अकाउंट संभालने के लिए पार्ट-टाइम प्रोफेशनल्स की तलाश करते हैं. अगर आपको Instagram, Facebook, LinkedIn या YouTube की अच्छी नॉलेज है, तो यह आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है. इसमें सोशल मीडिया पोस्ट तैयार करना, कंटेंट शेड्यूल करना, कमेंट और मैसेज का जवाब देना, बेसिक एनालिटिक्स देखना जैसे स्किल्स की डिमांड रहती है.
4. ग्राफिक डिजाइन या वीडियो एडिटिंग
Canva, Photoshop, Premiere Pro या CapCut जैसे टूल्स की जानकारी रखने वाले छात्र फ्रीलांस प्रोजेक्ट लेकर अच्छी कमाई कर सकते हैं. आज डिजिटल कंटेंट की बढ़ती मांग के कारण इन स्किल्स की काफी जरूरत है.
5. पेड इंटर्नशिप (Paid Internship)
कई कंपनियां कॉलेज छात्रों को पार्ट-टाइम या फ्लेक्सिबल इंटर्नशिप का मौका देती हैं. इससे न केवल कुछ आय होती है, बल्कि वास्तविक कार्य अनुभव भी मिलता है, जो भविष्य में नौकरी पाने में मददगार साबित हो सकता है. इससे आपका प्रोफेशनल नेटवर्किंग बनता है और रिज्यूमे मजबूत होता है.
नौकरी छोड़ते हुए ये 5 गलतियां ना करें, वरना बाद में पछताना पड़ेगा
पार्ट-टाइम जॉब चुनते समय रखें इन बातों का ध्यान
- पढ़ाई को हमेशा प्राथमिकता दें.
- ऐसे काम का चयन करें जिसमें समय लचीला (Flexible) हो.
- किसी भी नौकरी से पहले कंपनी या प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता जरूर जांचें.
- नौकरी के नाम पर एडवांस फीस मांगने वाले ऑफर से सावधान रहें.
- अपनी रुचि और भविष्य के करियर से जुड़ी स्किल्स विकसित करने वाले काम को प्राथमिकता दें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं