यह ख़बर 21 सितंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

किशोर कुमार की भूमिका में नजर आएंगे रणबीर कपूर

खास बातें

  • निर्देशक अनुराग बसु मशहूर गायक और अभिनेता किशोर कुमार की जिंदगी पर एक ‘रंगीन और मनोरंजक’ फिल्म बनाने जा रहे हैं, जिसमें रणबीर कपूर किशोर कुमार की भूमिका में नजर आएंगे।
मुंबई:

निर्देशक अनुराग बसु मशहूर गायक और अभिनेता किशोर कुमार की जिंदगी पर एक ‘रंगीन और मनोरंजक’ फिल्म बनाने जा रहे हैं, जिसमें रणबीर कपूर किशोर कुमार की भूमिका में नजर आएंगे।

बसु ने बताया, रणबीर, यूटीवी और मैं इस फिल्म को बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। फिलहाल रणबीर अपनी अन्य दो फिल्मों में व्यस्त है। ‘बर्फी’ के बाद इस फिल्म के लिए मैं और रणबीर दोबारा एक साथ होंगे।

किशोर कुमार का असली नाम अभास कुमार गांगुली था। फिल्मों के मशहूर पार्श्व गायक किशोर कुमार ने बंगाली, हिन्दी, मराठी, असमिया, गुजराती, कन्नड़, भोजपुरी, मलयालम और उड़िया समेत कई भाषाओं में गीत गाए। इसके अलावा उन्होंने कई फिल्मों में अभिनय भी किया।

अपने चारों भाई-बहनों में सबसे छोटे किशोर कुमार अभिनेता बनने की बजाय गायक बनना चाहते थे, लेकिन उनके बड़े भाई अशोक कुमार चाहते थे कि वे उनकी तरह एक अभिनेता बनें। किशोर कुमार जैसी महान हस्ती की जिंदगी पर कहानी लिखना बसु के लिए आसान नहीं रहने वाला।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

बसु कहते हैं, ‘मैंने इसे लिखना शुरू कर दिया है। इसे लिखना बहुत मुश्किल है, क्योंकि पूरी दुनिया इसे देखने वाली है। शूटिंग शुरू करने से पहले ही मुझे इस फिल्म के बारे में खुश और निश्चिंत हो जाना चाहिए।