जावेद अख्तर और शबाना आज़मी ने जमकर खेली होली

मुंबई:

मुंबई में लेखक-गीतकार जावेद अख्तर और उनकी पत्नी अभिनेत्री शबाना आज़मी ने जमकर होली खेली। इस होली समारोह में रंगों के साथ साथ भारतीय परंपरा की भी झलक दिखी। यहां सब एक दुसरे से गले मिल रहे थे, रंगों में सराबोर गालों पर गुलाल लगा रहे थे, ठंडाई पी रहे थे और बॉलीवुड के गानों पर झूम भी रहे थे।

जावेद और शबाना की इस होली में जावेद के बेटे फरहान भी जमकर नाचे। बॉलीवुड से नंदिता दास, दिव्या दत्ता और टिस्का चोपड़ा जैसे कई जाने पहचाने लोग होली खेलने आए। एक दुसरे को बधाइयां दी और जमकर नाचे।

इस होली सेलिब्रेशन में जावेद अख्तर और शबाना आज़मी के परिवार और करीबी दोस्त भी शामिल हुए। इस मौके पर होली की बधाई देते हुए जावेद अख्तर ने कहा, 'आज के दिन करीब करीब हर साल हम सब होली खेलते हैं और इसी बहाने सब इकठ्ठा होकर पार्टी करते हैं। आज भी हम सब रंगों में सराबोर हैं और त्यौहार का जश्न मना रहे हैं'।

अगर देखा जाए तो पिछले कुछ सालों से बॉलीवुड में होली का जोश कम होता नज़र आ रहा है। एक ज़माना था जब राज कपूर के यहां होली का त्यौहार खूब जोश से मनाया जाता था और करीब करीब पूरा बॉलीवुड उसमें शरीक होता था। अमिताभ बच्चन के यहां भी होली की पार्टी होती थी। सुभाष घई भी होली पर सितारों को दावत देते थे और सब मिलकर होली खेलते थे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मगर अब पिछले कुछ सालों में जावेद अख्तर और शबाना आज़मी के अलावा इक्का दुक्का पार्टीज़ होती हैं, जिसमें टीवी के कलाकार होली खेलने जाते हैं। उनके अलावा ज्यादातर सितारे अपने काम में व्यस्त होते हैं या फिर चुपचाप से घर में किसी एक रंग का टीका लगाकर छुट्टी का मज़ा लेते हैं।