Provisional Admission: CBSE 12वीं के रिजल्ट के बाद इस बार कई छात्रों की चिंता बढ़ गई है. डिजिटल चेकिंग यानी OSM सिस्टम में आई कुछ गड़बड़ियों की वजह से कई स्टूडेंट्स को उम्मीद से कम नंबर मिले हैं. यही कारण है कि बड़ी संख्या में छात्रों ने अपनी कॉपियों के री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन किया है. लेकिन परेशानी ये है कि री-इवैल्यूएशन का अंतिम रिजल्ट जून आखिर तक आने की संभावना है. ऐसे में कई छात्रों को डर सता रहा है कि कहीं उनके बढ़े हुए नंबर आने से पहले कॉलेजों की सीटें भर न जाएं. अगर आप भी इसी परेशानी से गुजर रहे हैं, तो प्रोविजनल एडमिशन आपके लिए राहत का रास्ता बन सकता है.
क्या होता है प्रोविजनल एडमिशन
प्रोविजनल एडमिशन का मतलब अस्थायी या कंडीशनल एडमिशन होता है. जब किसी छात्र का फाइनल रिजल्ट या संशोधित मार्कशीट आने में समय लग रहा हो, तब कई कॉलेज मौजूदा मार्कशीट के आधार पर अस्थायी रूप से सीट दे देते हैं. इससे छात्र की सीट सुरक्षित रहती है और एडमिशन छूटने का खतरा नहीं रहता है. बाद में नई मार्कशीट जमा करने के बाद इसी एडमिशन को स्थायी बनाया जा सकता है.
री-इवैल्यूएशन के दौरान सीट कैसे सुरक्षित करें
सबसे पहले अपने पसंदीदा कॉलेज की वेबसाइट पर जाएं या एडमिशन सेल से संपर्क करें. वहां प्रोविजनल एडमिशन की सुविधा उपलब्ध है या नहीं, इसकी जानकारी लें. इसके बाद प्रोविजनल एडमिशन फॉर्म भरें और जरूरी दस्तावेज जमा करें. फॉर्म के साथ अपनी मौजूदा मार्कशीट और CBSE री-इवैल्यूएशन आवेदन की स्लिप जरूर लगाएं. इससे कॉलेज को पता रहेगा कि आपके नंबरों में बदलाव संभव है. आवेदन स्वीकार होने के बाद कॉलेज आपको प्रोविजनल सीट दे सकता है और आप अपनी पढ़ाई शुरू कर सकते हैं. बाद में नया रिजल्ट आने पर संशोधित मार्कशीट जमा करके एडमिशन कंफर्म कराया जा सकता है.
किन छात्रों के लिए जरूरी है री-इवैल्यूएशन
अगर आप JEE Main या JEE Advanced में एडमिशन के लिए 75 प्रतिशत की सीमा के आसपास हैं, तो री-इवैल्यूएशन आपके लिए काफी महत्वपूर्ण हो सकता है. इसी तरह NEET UG में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी में जरूरी अंकों की शर्त पूरी करने वाले छात्रों के लिए भी ये मददगार साबित हो सकता है.वहीं कई राज्य विश्वविद्यालयों में 12वीं के अंकों के आधार पर मेरिट बनती है. ऐसे मामलों में नंबर बढ़ने पर रैंक बेहतर हो सकती है और एडमिशन की संभावना भी मजबूत हो जाती है.
भारत ही नहीं, विदेश के इन 14 शहरों में भी NEET UG का होगा एग्जाम, देखें पूरी लिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं