उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगहों पर स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में 9 जुलाई यानी आज तेज बारिश होने की संभावना जताई है. जिसे देखते हुए देहरादून और टिहरी में आज स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे. देहरादून जिलाधिकारी आशीष चौहान ने आदेश जारी करते हुए कहा, छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर 9 जुलाई को कक्षा 1 से 12 वीं तक के सभी स्कूलों को बंद रखा जाएगा. इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों भी बंद रहेंगे. सभी स्कूलों को इसका पालन करना होगा.
टिहरी में आज स्कूल रहेंगे बंद
जनपद टिहरी के भी सभी स्कूल और आंगनवाड़ी आज बंद रहेंगे. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान और वर्तमान में टिहरी गढ़वाल क्षेत्रा हो रही बारिश को देखते हुए ये फैसला लिया गया है. जिला मजिस्ट्रेट/अध्यक्ष जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोके जाने के उद्देश्य से 9 जुलाई, 2026 को जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय/निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थाओं) और आंगनवाड़ी केद्रों में एक दिन की छुट्टी का आदेश दिया है. साथ ही आदेश में कहा गया है कि इसका पालन जो स्कूल नहीं करेंगे और लापरवाही से यदि कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो आपदा प्रबन्धन अधिनियम-2005 की धाराओं के अधीन संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही की जाएगी.
10 जुलाई के लिए भी अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 9 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चम्पावत जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है. 10 जुलाई को पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चम्पावत एवं बागेश्वर जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट है. जबकि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा एवं पिथौरागढ़ जनपदों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं