विज्ञापन

Success Story : UPTET रिजल्ट में चमका मिर्जापुर का परिवार, पांच भाइयों ने एक साथ मारी बाजी

मिर्जापुर के हलिया क्षेत्र के एक परिवार ने UPTET 2026 में शानदार सफलता हासिल कर मिसाल पेश की है. एक ही परिवार के पांच सगे और चचेरे भाइयों ने शिक्षक पात्रता परीक्षा पास कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है.

Success Story : UPTET रिजल्ट में चमका मिर्जापुर का परिवार, पांच भाइयों ने एक साथ मारी बाजी
एक ही परिवार के पांच युवाओं की एक साथ सफलता ने गांव में चर्चा का विषय बना दिया है.

मिर्जापुर के हलिया ब्लॉक के बेमौरी गांव में बुधवार को उस समय खुशी का माहौल बन गया, जब एक ही परिवार के पांच चचेरे भाइयों ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP TET) 2026 में एक साथ सफलता हासिल की. शिक्षक पात्रता परीक्षा के उच्च प्राथमिक स्तर का परिणाम घोषित होते ही परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई. बेमौरी गांव निवासी रामसागर पांडेय के तीन पुत्र महेंद्र कुमार पांडेय, जितेंद्र पांडेय और रोहित कुमार पांडेय तथा उनके भाई मनीष पांडेय के दो पुत्र संदीप कुमार पांडेय और राजेश कुमार पांडेय ने परीक्षा पास कर परिवार और गांव का नाम रोशन किया है. पांचों अभ्यर्थियों ने ईडब्ल्यूएस वर्ग में सफलता हासिल की है.

किसने कितना किया स्कोर

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से जारी नॉर्मलाइज्ड स्कोर के अनुसार रोहित कुमार पांडेय ने सर्वाधिक 120.99 अंक हासिल किए. वहीं जितेंद्र पांडेय ने 113.89 अंक, महेंद्र कुमार पांडेय ने 106.69 अंक, संदीप कुमार पांडेय ने 97.94 अंक और राजेश कुमार पांडेय ने 92.43 अंक हासिल कर परीक्षा में पास की.

बधाई देने वालों का लगा तांता 

एक ही परिवार के पांच युवाओं की एक साथ सफलता ने गांव में चर्चा का विषय बना दिया है. ग्रामीणों का कहना है कि पांचों भाइयों ने मेहनत और लगन के बल पर यह उपलब्धि हासिल कर अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है. परिणाम घोषित होने के बाद सफल अभ्यर्थियों के घर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा.

ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने घर पहुंचकर पांचों भाइयों को मिठाई खिलाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. परिवार के लोगों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता बच्चों की मेहनत और शिक्षा के प्रति उनके समर्पण का परिणाम है.

रिपोर्ट: बृजेंद्र दूबे

यह भी पढ़ें- NEET UG Counselling 2026: Round-2 का शेड्यूल जारी, 3 सितंबर से रजिस्ट्रेशन, इस दिन आएगा सीट अलॉटमेंट रिजल्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com