संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सर्विस परीक्षा में हर साल लाखों लोग बैठते हैं, लेकिन जब रिजल्ट आता है तो महज कुछ ही लोगों के नाम लिस्ट में होते हैं. यानी ये देश की सबसे मुश्किल परीक्षाओं में से एक है, ऐसे में लोग सोचते हैं कि एक बार लिस्ट में कहीं भी उनका नाम आ जाए और वो सिविल सर्वेंट बन जाएं. हालांकि कुछ उम्मीदवार इस मुश्किल परीक्षा में भी टॉप करते हैं और उन्हें पूरे देशभर में पहला स्थान यानी AIR-1 मिलता है. लोगों को सबसे ज्यादा दिलचस्पी इस चीज में होती है कि टॉप करने वाले इन लोगों को कितने मार्क्स मिले, ऐसे में आज हम आपको 2023 के UPSC टॉपर टॉपर आदित्य श्रीवास्तव की मार्कशीट दिखाने जा रहे हैं, जिसे खुद उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किया था.
टॉपर ने शेयर की अपनी मार्कशीट
सोशल मीडिया पर अक्सर टॉपर्स से लोग उनकी मार्कशीट दिखाने के लिए कहते हैं, लेकिन कुछ ही लोग सार्वजनिक तौर पर अपनी मार्कशीट शेयर करते हैं. इनमें आदित्य श्रीवास्तव का नाम भी शामिल है. UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2023 में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1 हासिल करने वाले आदित्य श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया पर अपनी मार्कशीट शेयर की थी, जिसमें लखनऊ के रहने वाले आदित्य ने कुल 1099 अंक हासिल किए. टॉपर की मार्कशीट देखकर लोगों ने उनकी खूब तारीफ की और कहा कि वो हजारों एस्पिरेंट्स के लिए किसी प्रेरणा से कम नहीं हैं.
किस पेपर में कितने नंबर?
निबंध (Essay - Paper I): 117 अंक
सामान्य अध्ययन I (GS-1): 104 अंक
सामान्य अध्ययन II (GS-2): 132 अंक
सामान्य अध्ययन III (GS-3): 95 अंक
सामान्य अध्ययन IV (Ethics - GS-4): 143 अंक
ऐच्छिक विषय (Optional - Electrical Engineering Paper I): 148 अंक
ऐच्छिक विषय (Optional - Electrical Engineering Paper II): 160 अंक
ऑप्शनल के कुल नंबर: 308 अंक
लिखित परीक्षा के कुल अंक: 899
पर्सनैलिटी टेस्ट (इंटरव्यू): 200

IIT कानपुर से की है पढ़ाई
UPSC टॉपर आदित्य श्रीवास्तव ने आईआईटी कानपुर से बीटेक और एमटेक की पढ़ाई की है. हालांकि उनका मन सिविल सर्विस में जाने का था, ऐसे में तैयारी शुरू कर दी और फिर एग्जाम दिया. अपने पहले अटेंप्ट में वो यूपीएससी पास नहीं कर पाए, लेकिन फिर ऐसी तैयारी हुई कि देशभर में टॉप कर दिया. उनके टॉपर बनने में इंटरव्यू के 200 नंबरों का काफी अहम रोल रहा. आदित्य आज एक सुलझे हुए IAS अधिकारी हैं और तैयारी करने वालों को अक्सर सलाह देते रहते हैं.
ये भी पढ़ें - IIT धनबाद को हर साल एक करोड़ देने वाले अमृत सागर कौन हैं?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं