विज्ञापन

सीएम योगी के इस तेज तर्रार पुलिस अफसर के कंधों पर है UP TET की जिम्मेदारी, कुछ ऐसा है रिकॉर्ड

Who Is DGP Prashant Kumar : उत्तर प्रदेश के पूर्व DGP प्रशांत कुमार के हाथ में अब UP TET 2026 की जिम्मेदारी है. जानिए आखिर क्यों योगी सरकार ने इस तेज-तर्रार अफसर पर एक बार फिर भरोसा जताया और कैसा रहा उनका रिकॉर्ड.

सीएम योगी के इस तेज तर्रार पुलिस अफसर के कंधों पर है UP TET की जिम्मेदारी, कुछ ऐसा है रिकॉर्ड
यूपी में लगातार तीन दिन तक होगी UPTET परीक्षा

Who Is DGP Prashant Kumar : उत्तर प्रदेश में UP TET 2026 की परीक्षा शुरू होने जा रही है. तीन दिन तक चलने वाली इस परीक्षा में लाखों उम्मीदवार शामिल होंगे. इस बार परीक्षा कई वजहों से खास है. इस बार UP TET की पूरी कमान उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) के हाथ में है.  इससे भी ज्यादा चर्चा उस अधिकारी की है, जिसके कंधों पर पूरी परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने की जिम्मेदारी है. दिलचस्प बात यह है कि यह अधिकारी शिक्षा विभाग का नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस का पूर्व मुखिया रह चुका है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले कानून व्यवस्था जैसे अहम मोर्चों पर इन पर भरोसा जताया और अब शिक्षक भर्ती व्यवस्था की सबसे बड़ी जिम्मेदारी भी इन्हीं को सौंपी है. ये अधिकारी हैं प्रशांत कुमार.

कौन हैं प्रशांत कुमार?

प्रशांत कुमार 1990 बैच के IPS अधिकारी रहे हैं. उत्तर प्रदेश पुलिस में करीब 35 साल की सेवा के दौरान उन्होंने एडीजी (कानून व्यवस्था) समेत कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं. जनवरी 2024 में योगी सरकार ने उन्हें कार्यवाहक डीजीपी बनाया. 31 मई 2025 को सेवानिवृत्त होने के बाद भी सरकार ने उन पर भरोसा बनाए रखा और दिसंबर 2025 में उन्हें उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया. आयोग के अध्यक्ष के तौर पर अब शिक्षक भर्ती और UP TET जैसी अहम परीक्षाओं की पूरी जिम्मेदारी उनके पास है.

योगी सरकार ने क्यों जताया भरोसा?

प्रशांत कुमार की नियुक्ति को सिर्फ एक प्रशासनिक फैसला नहीं माना गया. विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद कहा था कि शिक्षक भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता, अनुशासन और ईमानदारी लाने के लिए प्रशांत कुमार को आयोग की कमान सौंपी गई है. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार शिक्षा माफिया और भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ियों पर सख्ती से रोक लगाने के लिए व्यवस्था में बड़े बदलाव कर रही है.

पहली बार UPESSC करा रहा है UP TET

UP TET का आयोजन पहले परीक्षा नियामक प्राधिकारी (PNP) कराता था, लेकिन अब इसकी जिम्मेदारी UPESSC को दी गई है. यानि पहली बार UP TET की कमान आयोग के हाथ में है.  परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को होगी. इस बार आवेदन प्रक्रिया में वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) व्यवस्था भी लागू की गई है. आयोग का कहना है कि इससे आवेदन प्रक्रिया आसान होगी और परीक्षा प्रणाली को ज्यादा पारदर्शी बनाया जा सकेगा.

ऐसा रहा है प्रशांत कुमार का रिकॉर्ड

प्रशांत कुमार की पहचान उत्तर प्रदेश पुलिस में सख्त और फैसले लेने वाले अधिकारी के रूप में रही है. कानून व्यवस्था से जुड़े कई संवेदनशील दौर में उन्होंने अहम जिम्मेदारियां संभालीं. यही प्रशासनिक अनुभव अब शिक्षा सेवा चयन आयोग में काम आने की उम्मीद है. यहां सबसे बड़ी चुनौती लाखों उम्मीदवार के भरोसे को बनाए रखते हुए परीक्षाएं निष्पक्ष और समय पर कराना है. सरकार का मानना है कि पुलिस सेवा में उनके लंबे अनुभव का फायदा भर्ती और परीक्षा व्यवस्था को भी मिलेगा.

UP TET उत्तर प्रदेश में कक्षा 1 से 5 (प्राथमिक) और कक्षा 6 से 8 (उच्च प्राथमिक) तक शिक्षक बनने की पात्रता परीक्षा है. ऐसे में लाखों उम्मीदवारों के लिए यह सिर्फ एक परीक्षा नहीं, बल्कि सरकारी शिक्षक बनने की दिशा में पहला बड़ा कदम है. अब सबकी नजर इस बात पर है कि पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में UPESSC अपनी पहली UP TET परीक्षा को कितनी पारदर्शिता और व्यवस्थित तरीके से पूरा करा पाता है.

ये भी पढ़ें - यूपी के शिक्षकों के लिए बड़ी खबर! CM योगी ने दिया अलग TET परीक्षा कराने का निर्देश

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Prashant Kumar, UP TET 2026, UPESSC Chairman, DGP Prashant Kumar, UP TET Exam
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com