Gen-Z के बाद अब देशभर से Gen-Alpha के प्रदर्शन के वीडियो सामने आ रहे हैं, ये वो जेनरेशन है, जो अभी स्कूल में पढ़ रही है. अपने स्कूलों में टीचर्स की कमी से लेकर तमाम सुविधाओं को लेकर ये छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं और खुलकर प्रशासन के सामने अपनी बात रख रहे हैं. ऐसा ही प्रदर्शन अब उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी देखा गया, जहां कई स्कूली छात्रों ने पूरी सड़क जाम कर दी. इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी छात्रों को वहां से हटाया गया.
टीचर्स की कमी को लेकर किया प्रदर्शन
लखनऊ के पारा इलाके के जय नारायण स्कूल में शिक्षकों की कमी से नाराज छात्रों ने स्कूल के बाहर मोहान रोड पर जाम लगा दिया. छात्रों का आरोप है कि स्कूल में पर्याप्त शिक्षक नहीं होने के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और ये समस्या काफी लंबे समय से है. उनका कहना है कि इसकी शिकायत कई बार हो चुकी है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है.
शिक्षकों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर छात्रों ने करीब 15 मिनट तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. जाम की सूचना मिलते ही पारा पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाकर सड़क से हटाया. इसके बाद यातायात सामान्य हो सका. इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
जाम में फंसे मंत्री जी
छात्रों के प्रदर्शन के बीच उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री असीम अरुण भी ट्रैफिक जाम में फंस गए. जाम की जानकारी होने के बाद मंत्री स्कूल पहुंचे और छात्रों से संवाद किया. उन्होंने बच्चों की समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों के बारे में जानकारी ली. फिलहाल शिक्षकों की कमी को लेकर छात्रों में नाराजगी बनी हुई है और शिक्षक संख्या बढ़ाने की मांग की जा रही है.
इससे पहले यूपी के हमीरपुर से भी एक ऐसा ही वीडियो सामने आया था, जहां कई छात्र हाथों में तिरंगा लिए सीधे डीएम ऑफिस पहुंच गए थे. उनकी मांग थी कि पिछले कई सालों से उनके गांव में सड़क नहीं बन पाई है, जिसकी वजह से स्कूल आने में दिक्कत होती है. खासतौर पर बारिश में तो चलना भी मुश्किल हो जाता है.
ये भी पढ़ें - स्कूल की शिकायत लेकर थाने पहुंचा कानपुर देहात का छात्र, टीचर बोली- 'मार-मारकर दिमाग ठीक कर दूंगी'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं