TOEFL 2026 : भारत में साल 2026 के लिए TOEFL iBT की स्टैंडर्ड रजिस्ट्रेशन फीस लगभग GST मिलाकर 18,000 है. बिना टैक्स के इसकी बेसिक फीस करीब 15,254 बैठती है. अच्छी बात यह है कि इस फीस में परीक्षा देने के साथ-साथ आपको अपने स्कोर को बिना किसी एक्स्ट्रा चार्ज के 4 यूनिवर्सिटीज में भेजने की सुविधा मिलती है. आप चाहें टेस्ट सेंटर जाकर परीक्षा दें या घर से 'TOEFL Home Edition' चुनें, दोनों की फीस एक जैसी है. हालांकि, यहां एक बात का ध्यान रखें कि अगर आप जर्मनी के स्टूडेंट वीजा के लिए अप्लाई कर रहे हैं, तो वहां 'Home Edition' मान्य नहीं होता है.
इसके अलावा, जो छात्र कम समय वाला छोटा टेस्ट देना चाहते हैं, वे 'TOEFL Essentials Test' चुन सकते हैं. इसकी फीस एक्सचेंज रेट के आधार पर करीब 11,280 है. यह फीस ढांचा मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, पुणे और कोलकाता जैसे सभी प्रमुख शहरों में एक जैसा ही है.
तारीख बदलने या लेट होने पर लगेगा कितना एक्स्ट्रा चार्ज?
अगर आप अपनी चुनी हुई परीक्षा की तारीख बदलना (Rescheduling) चाहते हैं, तो इसके लिए आपको 5,900 की रीशेड्यूलिंग फीस देनी होगी. यह बदलाव आपको टेस्ट की तारीख से कम से कम 4 दिन पहले अपने ETS अकाउंट पोर्टल पर जाकर करना होगा. इसके अलावा, यदि आप रेगुलर रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख चूक जाते हैं, तो भी आप लेट फीस देकर फॉर्म भर सकते हैं. इसके लिए स्टैंडर्ड फीस के साथ करीब 3,900 की लेट रजिस्ट्रेशन फीस अलग से चुकानी होगी.
कुछ अन्य सर्विसेज के लिए भी अलग से चार्ज तय हैं, जैसे- अतिरिक्त स्कोर रिपोर्ट के लिए 1,950 प्रति यूनिवर्सिटी और स्पीकिंग या राइटिंग सेक्शन का रीव्यू करने के लिए 7,900 तक है.
कैंसिलेशन और रिफंड पॉलिसी क्या है?
अगर किसी वजह से आप परीक्षा रद्द (Cancel) करना चाहते हैं, तो टेस्ट की तारीख से कम से कम 4 दिन पहले इसे कैंसिल करना होगा. इस टाइमलाइन के अंदर कैंसिलेशन करने पर आपको कुल फीस का 50% रिफंड मिल जाएगा. बाकी की 50 प्रतिशत फीस एडमिनिस्ट्रेशन और रिजर्वेशन खर्च के रूप में काट ली जाती है. डेडलाइन खत्म होने के बाद कैंसिल करने पर कोई रिफंड नहीं मिलेगा.
यह भी पढ़ें- CBSE ने क्लास 12वीं के 87% छात्रों के री-इवैल्यूएशन नतीजे किए जारी, बाकी बच्चों का रिजल्ट आएगा जल्द
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं