- बिहार के शिक्षक गुरु रहमान ने बताया कि दलालों ने उन्हें NEET का पेपर उपलब्ध कराने का ऑफर दिया था.
- दलालों ने 15-25 लाख रुपये खर्च करने पर परीक्षा से पहले पेपर दिलाने की बात कही, जिसे गुरु रहमान ने ठुकरा दिया.
- गुरु रहमान का दावा है कि यह मामला एक संगठित गिरोह का है जो कई छात्रों और अभिभावकों से संपर्क कर रहा था.
NEET परीक्षा को लेकर चल रहे विवाद के बीच बिहार के चर्चित शिक्षक गुरु रहमान ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी के NEET परीक्षा में शामिल होने की जानकारी मिलने के बाद दलालों ने उनसे संपर्क कर पेपर उपलब्ध कराने का ऑफर दिया था.
‘15-25 लाख में पेपर दिलाने की बात कही गई'
NDTV से बात करते हुए गुरु रहमान ने बताया कि कुछ दलालों ने उन्हें फोन कर कहा कि अगर वे 15 से 25 लाख रुपये खर्च करें, तो परीक्षा से पहले पेपर उपलब्ध करवा दिया जाएगा. हालांकि, रहमान ने इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया और मामले की जानकारी पुलिस को भी दी.
‘संगठित गिरोह कर रहा था काम'
गुरु रहमान का दावा है कि यह पूरा मामला किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि एक संगठित गिरोह का नेटवर्क है. कई हैंडलर्स छात्रों और अभिभावकों से संपर्क कर रहे थे. परीक्षा से पहले पेपर देने की गारंटी दी जा रही थी. राजस्थान के शहरों में परीक्षा केंद्र चुनने का दबाव बनाया जा रहा था.
यह भी पढ़ें- NEET-UG का लीक पेपर राजस्थान तक कैसे पहुंचा, सीकर के बच्चों के हाथ कैसे लगा?
उन्होंने कहा कि यह सब बिना किसी मिलीभगत के संभव नहीं है. CBI को छोटी मछलियों के बजाय बड़े गुनहगारों तक पहुंचना चाहिए.
परीक्षा रद्द होने से छात्रों की परेशानी
NEET परीक्षा रद्द होने के बाद सबसे ज्यादा परेशानी उन छात्रों को हो रही है, जो परीक्षा देकर अपने हॉस्टल खाली कर घर लौट चुके थे. मुजफ्फरपुर के छात्र सृजन ने बताया, 3 मई को परीक्षा दी, 4 मई को हॉस्टल छोड़ दिया. अब दोबारा पटना आकर हॉस्टल खोजने में दिक्कत हो रही है. पुराने हॉस्टल अब फुल हो चुके हैं. छात्रों का कहना है कि वे परीक्षा के बाद मानसिक रूप से रिलैक्स हो गए थे, लेकिन अब अचानक दोबारा तैयारी का दबाव आ गया है, जिससे तनाव बढ़ गया है.
जांच और कार्रवाई पर नजर
NEET पेपर लीक मामले में जांच एजेंसियां सक्रिय हैं, लेकिन लगातार सामने आ रहे ऐसे दावे इस घोटाले की गहराई और नेटवर्क के विस्तार की ओर इशारा कर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं