Schools Reopen: उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां खत्म हो गई हैं. इन दोनों राज्य में स्कूल फिर से शुरू हो गए हैं. आनेवाले दिनों में ओर भी ऐसे राज्य हैं, जहां फिर से स्कूल खुलने जा रहे हैं. इस लिस्ट में सबसे पहला नाम ओडिशा का है. ओडिशा के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों की छुट्टियां 17 जून को खत्म होने जा रही हैं और 18 जून को फिर से स्कूल खुलने जा रहे हैं. ओडिशा के स्कूल और जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने सोमवार को स्कूल फिर से खुलने की जानकारी दी. उन्होंने कहा गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल 18 जून को फिर से खुलेंगे.
27 अप्रैल को बंद हुए थे स्कूल
राज्य में बढ़ती गर्मी को देखते हुए ओडिशा के सरकारी और निजी स्कूलों को 27 अप्रैल से ही बंद कर दिया गया था. वहीं अब मॉनसून आने के साथ तापमान कम हो रहा है. गर्मी से लोगों को राहत मिली है. ओडिशा टीवी की एक रिपोर्ट के अनुसार, मंत्री ने कहा ओडिशा में मॉनसून के आने से तापमान में भी गिरावट आई है. इसलिए, सभी स्कूल 18 जून को फिर से खुलेंगे.
दिल्ली में कब से खुलेंगे स्कूल
उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां खत्म हो गई हैं. दोनों राज्यों में आज यानी 16 जून से स्कूल शुरू हो गए हैं. वहीं तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में 15 जून 2026 से स्कूल शुरू हो गए हैं. राजस्थान में स्कूल 29 जून 2026 से खुलने जा रहे हैं. वहीं दिल्ली के सरकारी स्कूल भी 30 जून से खुलने जा रहे हैं. दिल्ली के सरकारी स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां 11 मई 2026 से शुरू हुई थी. यानी अधिकतर राज्य में जून के आखिरी हफ्ते तक स्कूल खुल जाएंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं