School Reopening Update : भीषण गर्मी और लगातार बढ़ रही हीटवेव के कारण इस साल कई राज्यों में स्कूलों की गर्मी की छुट्टियों का कार्यक्रम बदलना पड़ा है. छात्रों के स्वास्थ्य को तवज्जो देते हुए राज्य सरकारों ने कहीं छुट्टियां बढ़ाईं तो कहीं स्कूलों के समय में बदलाव किया. लेकिन आज 1 जुलाई 2026 से देश के कई राज्यों में स्कूल दोबारा खुल गए हैं. वहीं कुछ राज्यों में अब भी छुट्टियां जारी हैं या दोबारा शुरू होने वाली हैं. आइे जानते हैं कि कहां स्कूल खुल चुके हैं और किन राज्यों में अभी गर्मियों की छुट्टियां खत्म नहीं हुई हैं.
दिल्ली-एनसीआर
दिल्ली में शिक्षा निदेशालय (DoE) के आदेश के अनुसार 11 मई से 30 जून तक समर वेकेशन घोषित किया गया था. भीषण गर्मी को देखते हुए मई में प्राइमरी क्लासेज को समय से पहले बंद कर दिया गया था. अब 1 जुलाई से राजधानी के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल खुल गए हैं.
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश में भी 20 मई से 30 जून तक कुल 41 दिनों की गर्मी की छुट्टियां रहीं. आज से राज्य के सभी स्कूल खुल गए हैं.
पंजाब, हरियाणा और दूसरे राज्यों का क्या है हाल?
पंजाब और हरियाणा में 1 जून से 30 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया था. दोनों राज्यों में भी आज से स्कूल खुल गए हैं. वहीं महाराष्ट्र में क्षेत्र के अनुसार अलग-अलग समय पर स्कूल खोले गए. कोंकण क्षेत्र के स्कूल 15 जून से शुरू हो चुके हैं, जबकि विदर्भ क्षेत्र के कई स्कूलों में आज से दोबारा पढ़ाई शुरू हो रही है.
कई राज्यों ने बढ़ाई थीं छुट्टियां
देश में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए बिहार, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और पंजाब सहित कई राज्यों ने सरकारी और प्राइवेट स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने का फैसला लिया था. इन राज्यों में स्थानीय मौसम की स्थिति के अनुसार प्रशासन ने अलग-अलग फैसले लिए, ताकि छात्रों और टीचर्स को लू के प्रकोप से बचाया जा सके.
जम्मू-कश्मीर में 6 जुलाई से फिर बंद होंगे स्कूल
जहां देश के ज्यादातर राज्यों में स्कूल खुल चुके हैं, वहीं जम्मू-कश्मीर के कश्मीर संभाग में भीषण गर्मी के कारण अलग फैसला लिया गया है. प्रशासन ने सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त प्राइवेट स्कूलों में 6 जुलाई से 19 जुलाई 2026 तक दो हफ्ते की समर वेकेशन का ऐलान किया है. यह आदेश हायर सेकेंडरी लेवल तक के सभी स्कूलों पर लागू होगा. अधिकारियों का कहना है कि लगातार बढ़ते तापमान और छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है.
ये भी पढ़ें - यूपी के शिक्षकों के लिए बड़ी खबर! CM योगी ने दिया अलग TET परीक्षा कराने का निर्देश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं