राजस्थान के अजमेर में रहने वाले छात्रों के लिए बड़ी खबर है. यहां जल्द ही एक बालिका सैनिक स्कूल खुलने जा रहा है. विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की तरफ से ये जानकारी दी गई, जिसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भी आभार जताया. उन्होंने बताया कि अगले साल यानी 2027 तक अजमेर के हाथीखेड़ा में ये बालिका सैनिक स्कूल बनकर तैयार हो जाएगा और इसके बाद इसमें एडमिशन भी शुरू होंगे. ये स्कूल करीब 30 भीघा जमीन पर बनने जा रहा है, जिसमें छात्राओं के लिए तमाम तरह की सुविधाएं मौजूद होंगीं.
200 छात्राओं को मिलेगा एडमिशन
अजमेर में बनने जा रहे इस सैनिक स्कूल में सिर्फ लड़कियों को ही एडमिशन मिलेगा, क्योंकि ये एक बालिका सैनिक स्कूल होगा. करीब 20 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से ये स्कूल बनकर तैयार होगा और इसमें 200 छात्राओं को एडमिशन मिलेगा. परिसर में आधुनिक शैक्षणिक भवन, छात्रावास और इंडोर-आउटडोर खेल सुविधाएं भी होंगीं. इसके अलावा टेनिस कोर्ट, परेड ग्राउंड, बास्केटबॉल कोर्ट और पार्किंग जैसी सुविधाएं भी होंगीं.
स्कूल का हुआ भूमि पूजन
अजमेर के हाथीखेड़ा में इस बालिका सैनिक स्कूल का भूमि पूजन कार्यक्रम रखा गया था, जिसमें वासुदेव देवनानी समेत तमाम अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे. इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि स्कूल बनने से बालिकाओं को सैन्य शिक्षा, नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास के नए अवसर मिलेंगे. इस दौरान ग्रामीणों ने खुशी जताई और कहा कि स्कूल खुलने के बाद यहां के लोगों को इसका सीधा फायदा होगा. आसपास के इलाकों को भी इस सैनिक स्कूल का फायदा मिलेगा.
ये भी पढ़ें - पेपर लीक नहीं, ब्लूटूथ से नकल की हुई कोशिश; फार्मेसी अफसर भर्ती परीक्षा पर यूनिवर्सिटी का जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं