स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मामलों पर संसद की स्थाई समिति की बैठक में सदस्य सांसदों ने NEET पेपर लीक के साथ-साथ पिछले कुछ साल में हुए कई महत्वपूर्ण पेपर लीक के मामलों पर कड़ी नाराजगी जताई. संसदीय समिति के सूत्रों ने एनडीटीवी को बताया है कि बैठक में NEET पेपर लीक की घटना के बाद पिछले कुछ दिनों में छात्रों द्वारा की गई सुसाइड का मामला प्रमुखता से बैठक में उठा. सूत्रों के मुताबिक, "सांसदों ने छात्रों द्वारा किए गए सुसाइड के मामलों पर चिंता और दुख जताया. परीक्षा व्यवस्था में खामियों की वजह से छात्रों की जाने जा रही है, और देश के लाखों अभिभावक परेशान हुए हैं.
एग्जाम के स्ट्रेस को कम करना जरूरी
इस बढ़ते संकट से निपटने के लिए कुछ सदस्य सांसदों ने सुझाव दिया कि जिन बच्चों ने सुसाइड किया है उनके परिवार की मदद की जानी चाहिए. कुछ सांसदों ने इस बात पर गंभीर चिंता जताई कि बच्चों में परीक्षा को लेकर मेंटल स्ट्रेस बढ़ता जा रहा है. उसे कम करना बेहद जरूरी है और इसके लिए पूरी परीक्षा व्यवस्था में सुधार बेहद जरूरी हो गया है.
एक वरिष्ठ सदस्य संसद ने बैठक में ये सुझाव दिया कि नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) को NTA के साथ बेहतर समन्वय बनाकर मेडिकल एग्जाम कंडक्ट करने की तैयारी करनी चाहिए. कुछ सांसदों ने बैठक में यह सुझाव दिया कि अमेरिका और चीन जैसे देशों में ग्लोबल एग्जाम्स कंडक्ट किए जाते हैं. लेकिन कभी भी पेपर लीक का कोई मामला सामने नहीं आया है.
ग्लोबल प्रैक्टिस अपनाने की सलाह
भारत की एजेंसियों को परीक्षा कंडक्ट कराने से जुड़े बेस्ट ग्लोबल प्रैक्टिस को एग्जामिन करना चाहिए.एक वरिष्ठ सांसद ने बैठक में कहा कि NEET एग्जाम दोबारा कंडक्ट करने में अब कुछ ही दिन बचे हैं, ऐसे में इस बड़ी और संवेदनशील कवायद में जुटे अधिकारीयों का मनोबल बढ़ाना भी जरूरी होगा, क्योंकि ऐसे वक्त पर उन्हें कोसना या उनपर सवाल उठाने से उनपर बुरा असर पड़ सकता है.
सूत्रों के मुताबिक बैठक में सरकारी अधिकारियों ने सांसदों को आश्वासन दिया कि इस बार फूलप्रूफ परीक्षा होगी, और पूरी परीक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. संसदीय समिति को यह भी बताया गया कि सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- NEET Refund कब तक आएगा, कब से शुरू होगा प्रोसेस और रिफंड के लिए Bank Account डिटेल्स कैसे अपडेट करें?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं