NTA Exam Fees Earnings: मेडिकल की सबसे बड़ी परीक्षा नीट यूजी का पेपर लीक होने के बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया है. इसके बाद से ही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को लेकर सवाल उठ रहे हैं. परीक्षा रद्द होने के बाद एनटीए ने साफ किया कि जिन छात्रों ने परीक्षा दी थी, उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होगी, साथ ही छात्रों से कोई फीस नहीं वसूली जाएगी, इसके अलावा जो छात्र फीस जमा करवा चुके हैं, उन्हें इसका रिफंड दिया जाएगा. ऐसे में सवाल है कि एनटीए छात्रों से कितनी फीस वसूलता है और तमाम परीक्षाओं से एजेंसी की कितनी कमाई होती है.
कौन से एग्जाम करवाता है NTA?
NEET
JEE
CUET
UGC NET
ICAR
NCHM JEE
CSIR-UGC NET
NIFTY
कितनी होती है NTA की कमाई?
देश के इन तमाम बड़े एग्जाम में लाखों की संख्या में छात्र हिस्सा लेते हैं, जिनसे रजिस्ट्रेशन फीस वसूली जाती है. कुछ साल पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की कमाई और खर्च को लेकर संसद में आंकड़े पेश किए गए थे. कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा ने इस पर सवाल पूछा था, जिसके जवाब में सरकार ने बताया था कि 2018 से लेकर 2024 तक एनटीए ने कितनी कमाई की.
पांच साल में तीन हजार करोड़ से ज्यादा की कमाई
NTA की स्थापना 2018 में हुई थी. तब से 2024 तक एजेंसी ने फीस के जरिए कुल 3,512.98 करोड़ रुपये की कमाई की थी. सरकार की तरफ से दी गई जानकारी में बताया गया कि इसमें 3,064.77 करोड़ रुपये परीक्षाओं के आयोजन और अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए गए. NTA की कमाई में सबसे बड़ा उछाल 2022 में 'कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट' (CUET) शुरू होने के बाद आया.
एक साल में कितनी कमाई?
संसद में दिए गए आंकड़े में बताया गया कि साल 2023-24 में NTA की कमाई 1,065.38 करोड़ रुपये रही, जबकि खर्च 1,020.35 करोड़ रुपये के करीब रहा. यानी जो कमाई फीस वसूलने से हुई थी, उसे परीक्षाएं आयोजित कराने में ही लगाया गया. इन आंकड़ों को मानें तो एनटीए को एग्जाम की लागत हटाने के बाद ज्यादा मुनाफा नहीं होता है.
NEET से कितनी होती है कमाई?
नीट यूजी परीक्षा से एनटीए की कमाई की बात करें तो ये एजेंसी की सबसे बड़ी परीक्षा है. इसमें हर साल 20 लाख से ज्यादा छात्र हिस्सा ले रहे हैं. इस साल छात्रों की संख्या 22.5 लाख से ज्यादा थी. सभी वर्गों को मिलाकर अगर फीस का औसत 1400 रुपये मान लिया जाए तो छात्रों ने एनटीए को करीब 319 करोड़ रुपये फीस के तौर पर दिए हैं, जिसे अब रिफंड करने की बात कही गई है. यानी एनटीए को नीट की दोनों परीक्षाओं का खर्च खुद ही देना होगा.
कहां खर्च होता है पैसा?
- परीक्षा केंद्रों का प्रबंधन और सुरक्षा
- बायोमेट्रिक अटेंडेंस और सीसीटीवी निगरानी
- गड़बड़ियों को रोकने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित विश्लेषण
- परीक्षा कराने वाली एजेंसियों और सुरक्षा सेवाओं का भुगतान
- प्रिंटिंग और बाकी कागजी चीजों का खर्च
NEET में बार-बार पेपर लीक, लेकिन JEE में ठीक... इंजीनियरिंग और मेडिकल के एग्जाम में क्या है अंतर?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं