विज्ञापन

NTA ने नाम लेकर खारिज किए आर्या सिंह, लक्ष्य और अभय यादव के दावे; OMR से छेड़छाड़ के दिए सबूत

NEET Fake OMR Sheet Claims NTA Notice: नीट रिजल्ट के बाद कुछ छात्र सामने आए हैं, जिन्होंने दावा किया है कि उनकी ओएमआर शीट से छेड़छाड़ हुई है और नंबर गलत तरीके से दिए गए. अब एनटीए ने तीनों छात्रों के नाम के साथ पूरी जानकारी शेयर की है.

NTA ने नाम लेकर खारिज किए आर्या सिंह, लक्ष्य और अभय यादव के दावे; OMR से छेड़छाड़ के दिए सबूत
NEET की ओएमआर शीट को लेकर किया गया था दावा

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA का लगातार टेस्ट लिया जा रहा है. नीट पेपर लीक के बाद से एनटीए की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. री-नीट का रिजल्ट जारी होने के बाद अब OMR शीट को लेकर विवाद शुरू हो चुका है. कुछ ऐसे छात्र सामने आए हैं, जिन्होंने दावा किया है कि उन्हें गलत ओएमआर शीट दी गई और नंबरों में गड़बड़ी का दावा भी किया गया. अब इन सभी छात्रों के नाम के साथ एनटीए ने सफाई जारी की है, जिसमें बताया गया है कि कैसे सभी की ओएमआर शीट में छेड़छाड़ दिखी है. 

तीन छात्रों ने किया है दावा

दरअसल आर्या सिंह, लक्ष्य सिंह और अभय यादव नाम के कुछ छात्रों ने NEET (UG) 2026 OMR शीट को लेकर तमाम तरह के दावे किए हैं. इसमें OMR में गड़बड़ी और नंबरों में हेरफेर की बात कही गई. अब इन्हें लेकर NTA ने बताया है कि OMR शीट और रिजल्ट को लेकर तीन छात्रों के दावों की जांच की है और रिकॉर्ड का सत्यापन किया है. NTA का कहना है कि सोशल मीडिया या अन्य जगह प्रसारित की जा रही OMR शीट्स फर्जी और डिजिटली एडिटेड हैं.

एमएस आर्या सिंह

आर्या सिंह नाम की छात्रा ने एनटीए पर गंभीर आरोप लगाए, अपनी ओएमआर शीट लेकर वो पिता के साथ जंतर-मंतर भी पहुंच गईं. अब इस छात्रा को लेकर एनटीए ने बताया है कि उम्मीदवार की असली OMR शीट NTA के पास सुरक्षित है, जिसे OMR रिस्पॉन्स की चैलेंज विंडो के दौरान उनके रजिस्टर्ड ईमेल पर भी भेजा गया था. 

इंटरनेट पर जो फोटो वायरल हो रही है, वो  असली OMR शीट से डिजिटली छेड़छाड़ करके बनाई गई है. असली शीट पर इनविजिलेटर के हस्ताक्षर का समय दोपहर 3:45 बजे दर्ज है, जिसे बदलकर एडिटेड फोटो में दोपहर 2:45 बजे* कर दिया गया है. इसके अलावा भी जाली शीट पर कई डिजिटल बदलाव पकड़े गए हैं. एनटीए ने बताया है कि आर्या का 167 मार्क्स का स्कोर पूरी तरह सही और बरकरार है.

लक्ष्य सिंह के दावों पर एनटीए का बयान

एक दूसरे छात्र लक्ष्य सिंह के दावों पर एनटीए ने कहा, उम्मीदवार की असली OMR शीट NTA के रिकॉर्ड में मौजूद है और उनके रजिस्टर्ड ईमेल पर भेजी जा चुकी है.सर्कुलेट हो रही इमेज में ऐसे उत्तर (बबल्स) भरे हुए दिख रहे हैं जो असली शीट पर नहीं हैं. फर्जी OMR शीट बनाने के लिए डिजिटल तरीके से अतिरिक्त गोले भरे गए हैं. कुल 180 प्रश्नों में से छात्र ने केवल 54 प्रश्न हल किए थे, इनमें 34 सही थे और 20 गलत...उम्मीदवार का स्कोर 116 वेरिफाइड है और यही रहेगा.

अभय यादव को दावों को भी किया खारिज 

छात्र अभय यादव ने भी ओएमआर शीट और असली नंबरों में अंतर का जिक्र किया था. इस पर एनटीए ने कहा, एजेंसी ने रिकॉर्ड की पुष्टि की है. असली OMR शीट छात्र के रजिस्टर्ड ईमेल पर भी भेजी गई थी. छात्र ने सार्वजनिक रूप से दावा किया था कि उसने केवल 5 प्रश्न छोड़े थे और उसका स्कोर 634 मार्क्स होना चाहिए, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में ये बात सही नहीं निकलती है. रिकॉर्ड के मुताबिक, 180 में से 44 प्रश्न बिना हल किए छोड़ दिए गए थे. उम्मीदवार का 164 मार्क्स का स्कोर वेरिफाइड है और वही रहेगा.

एनटीए ने इन छात्रों के अलावा अवनीश श्रीवास्तव और प्रतिभा त्रिवेदी के दावों को भी खारिज किया है. इन छात्रों के नंबरों को भी एकदम सही बताया गया है. 

कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

NTA ने साफ किया है कि फर्जी या एडिटेड OMR शीट बनाना, उसे फैलाना या किसी सार्वजनिक परीक्षा के रिकॉर्ड के खिलाफ झूठे दावे करना 'लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024' के तहत एक गंभीर और दंडनीय अपराध है. ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है. सही जानकारी के लिए छात्र neet.nta.nic.in पर जा सकते हैं. 

NEET की OMR शीट और स्कोरकार्ड के नंबरों में है अंतर? चैलेंज करने से पहले चेक कर लें ये चीजें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com