नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने 2026-27 एकेडमिक सेशन के लिए राज्य-वार MBBS सीट मैट्रिक्स जारी कर दिया है. जिसके अनुसार, 1,27,028 रिन्यू की गई सीटों में 9,911 नई MBBS सीटें जोड़ी गई हैं. 'इंस्टीट्यूट्स ऑफ नेशनल इंपॉर्टेंस' (INIs) को छोड़कर, 823 मेडिकल कॉलेजों में MBBS सीटों की कुल संख्या 1,36,939 हो गई है. कर्नाटक में सबसे ज्यादा सीटों की बढ़ोतरी हुई है. कर्नाटक में 1,300 अतिरिक्त MBBS सीटें जोड़ी गई हैं. जिसके साथ ही राज्य में कुल सीटों की संख्या 15,395 हो गई है. इसके बाद तमिलनाडु का नंबर है, जहां 950 नई सीट जोड़ी गई हैं. जिसके साथ ही यहां पर कुल सीटों की संख्या 13,999 हो गई है. जबकि राजस्थान ने 900 सीटें जोड़ी हैं, जिससे कुल सीटों की संख्या 8,080 हो गई है.

पश्चिम बंगाल में 825 सीटें बढ़ी हैं, जिससे कुल सीटों की संख्या 7,200 हो गई हैं. तेलंगाना में 810 सीटें जुड़ी हैं, यहां कुल सीटों की संख्या 10,250 हो गई हैं. उत्तर प्रदेश में 800 सीटें बढ़ने से कुल संख्या 14,000 हो गई है. बिहार को 740 नई सीटें मिली हैं, जिससे कुल सीटें 4,160 हो गई हैं. जबकि महाराष्ट्र में 400 सीटें जुड़ी हैं, जिससे MBBS सीटों की कुल संख्या 13,099 हो गई है.
सीटों पर मिली मंजूरी के आधार पर हो एडमिशन
इस सीट मैट्रिक्स में नए मेडिकल कॉलेज खोलने और मौजूदा MBBS कॉलेजों में सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए 'मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड' (MARB) से मिली मंजूरी भी शामिल है. NMC ने सभी मेडिकल कॉलेजों को निर्देश दिया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि 2026-27 एकेडमिक सेशन के लिए MARB की ओर से सीटों पर मिली मंजूरी के आधार पर ही एडमिशन किए जाएं. अपने आदेश में आयोग ने कहा है कि "किसी भी हालत में मंजूर की गई क्षमता से ज्यादा एडमिशन नहीं किए जाएंगे".
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं