NCERT Book Manusmriti: नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) की तरफ से किताबों में लगातार अलग-अलग चैप्टर जोड़े जा रहे हैं, जिन्हें लेकर अक्सर विवाद भी रहता है. चुनाव आयोग और SIR का पक्ष रखने वाले चैप्टर के बाद अब कक्षा 9वीं की सामाजिक विज्ञान (Social Science) की नई किताब में मनुस्मृति के एक श्लोक का जिक्र किया है. इस श्लोक के जरिए यह बताने की कोशिश की गई है कि वैदिक काल में महिलाओं को बहुत सम्मान दिया जाता था. इसके अलावा किताब में ये भी बताया गया है कि समय के साथ महिलाओं की स्थिति में उतार-चढ़ाव आए.
किताब में मनुस्मृति का श्लोक
एनसीईआरटी की ये वही किताब है, जिसमें चुनाव आयोग और एसआईआर को लेकर चैप्टर जोड़ा गया है. इस चैप्टर में चुनाव आयोग की तारीफ और एसआईआर के फायदे बताए गए हैं. इसी किताब में मनुस्मृति का श्लोक 'यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता' यानी जहां महिलाओं का आदर-सम्मान होता है, वहां देवता वास करते हैं...श्लोक को शामिल किया गया है. किताब में इस बात का भी जिक्र है कि श्लोक मनुस्मृति से लिया गया है. इससे ये पता चलता है कि प्राचीन काल में महिलाओं को समाज में कितना ऊंचा और सम्मानजनक दर्जा प्राप्त था.
'भारत और विश्व' के नाम का चैप्टर
NCERT की किताब में शामिल इस चैप्टर का नाम 'भारत और विश्व' (India and the World) है, जिसमें वैदिक काल के बारे में विस्तार से लिखा गया है. इसमें बताया गया है कि उस दौर में महिलाओं की स्थिति बहुत मजबूत थी. उस दौर में महिलाओं को शिक्षा का पूरा अधिकार था, समाज के हर जरूरी काम में महिलाएं भागीदार होती थीं और अपनी इच्छा से अपना वर चुन सकती थीं. चैप्टर में लिखा गया है कि समाज में महिलाओं को पुरुषों के ही समान अधिकार और आजादी मिली थी.
इस चैप्टर में सिर्फ तारीफ ही नहीं की गई है, बल्कि दूसरे पहलू को भी रखा गया है. इसमें बताया गया है कि समय के साथ महिलाओं की इस अच्छी स्थिति में बदलाव आता रहा और उनके अधिकार कम किए गए.
डीयू में हुआ था विवाद
ये चैप्टर तब लाया गया है जब हाल ही में दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) के लॉ फैकल्टी में मनुस्मृति को पढ़ाए जाने के प्रस्ताव पर काफी विवाद हुआ था. इस फैसले का काफी विरोध हुआ और फिर डीयू के वाइस चांसलर ने उस प्रस्ताव को खारिज कर दिया. आखिरकार मनुस्मृति को कोर्स में शामिल नहीं किया गया. अब NCERT की स्कूल की किताब में इसका जिक्र होने से विवाद बढ़ सकता है.
ये भी पढ़ें - चुनाव आयोग और SIR की NCERT की नई किताब में तारीफ, स्कूली बच्चे पढ़ेंगे चैप्टर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं