ओडिशा सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐसा फैसला लिया है, जो तमाम राज्यों के लिए भी एक मैसेज हो सकता है. ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ऐलान किया है कि अब राज्य के सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में किंडरगार्टन (KG) से लेकर पोस्टग्रेजुएट (PG) लेवल तक की पढ़ाई बिल्कुल मुफ्त होगी. इस फैसले से राज्य के तमाम छात्रों को फायदा होगा और शिक्षा को लेकर जागरुकता भी आएगी. सबसे ज्यादा उन परिवारों को इसका लाभ मिलेगा, जिनके बच्चे पैसों की तंगी के चलते स्कूल या फिर कॉलेज नहीं जा पाते हैं.
सीएम ने बताया क्या होगा फायदा
ओडिशा के मुख्यमंत्री ने राज्य में बीजेपी सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें मुफ्त शिक्षा को लेकर ये बड़ा ऐलान किया गया. उन्होंने कहा कि इस फैसले से राज्य के सभी छात्रों को फायदा होगा, खासतौर पर उन लड़कियों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चों को, जो स्कूल नहीं जा पाते हैं.
सीएम ने कहा कि शिक्षा को पूरी तरह से मुफ्त बनाने और सभी के लिए आसान करने के लिए सरकार की तरफ से ये फैसला लिया गया है. ऐसा फैसला शायद ही शिक्षा के क्षेत्र में देशभर में पहले लिया गया हो. उन्होंने आगे बताया कि इसका भविष्य पर भी काफी असर दिखेगा. मुफ्त पढ़ाई से राज्य के युवाओं का भविष्य मजबूत होगा और विकास में मदद मिलेगी.
ओडिशा के अलावा केरल में भी स्कूली शिक्षा के साथ कॉलेज की पढ़ाई को मुफ्त किया गया है. राज्य के शिक्षा मंत्री की तरफ से हाल ही में बजट सत्र के दौरान ये प्रस्ताव रखा गया था, जिसमें स्कूल से लेकर कॉलेज तक की पढ़ाई को मुफ्त करने की बात कही गई है. इसमें बताया गया था कि ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई सरकारी संस्थानों में मुफ्त दी जाएगी, जिससे गरीब बच्चे भी अच्छी पढ़ाई कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें - बिहार शिक्षा विभाग हुआ सख्त, कोचिंग-ट्यूशन पढ़ाने वाले सरकारी टीचर्स पर अब होगी कार्रवाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं