IIM Kozhikode New MBA Batch: इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) कोझिकोड ने देश के मैनेजमेंट एजुकेशन (प्रबंधन शिक्षा) में एक नया इतिहास रच दिया है. संस्थान के मुख्य MBA प्रोग्राम के नए एकेडेमिक सेशन (2026-28) में इस बार रिकॉर्ड 66% महिला छात्रों को दाखिला मिला है. यह देश के किसी भी IIM के इतिहास में महिला छात्रों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है.
इस साल संस्थान ने अपने तीन फुल-टाइम MBA प्रोग्राम में कुल 599 छात्रों का स्वागत किया है. इसके साथ ही, रिसर्च और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 99 डॉक्टरों स्कॉलर्स ने भी मैनेजमेंट डॉक्टरल प्रोग्राम में हिस्सा लिया है.
प्रमुख MBA प्रोग्राम में बेटियों का दबदबा
सबसे बड़ी और गर्व की बात यह है कि IIM कोझिकोड के प्रमुख 'पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम' (PGP) में इस बार लड़कियों ने बाजी मारी है. इस बैच के कुल 499 छात्रों में से 329 महिलाएं हैं. आसान शब्दों में कहें तो क्लास की हर तीन सीटों में से करीब दो सीटों पर फीमेल स्टूडेंट्स मौजूद हैं.
IIM कोझिकोड का यह सफर आज का नहीं है. संस्थान ने साल 2013 में ही पहली बार 50% से अधिक महिला छात्रों को दाखिला देकर सबको चौंका दिया था. इसके बाद साल 2024 में यह आंकड़ा 59% पहुंचा और अब 2026 में इसने 66% का ऐतिहासिक आंकड़ा छू लिया है. अगर तीनों फुल-टाइम MBA कोर्सेज को मिला दिया जाए, तो कुल मिलाकर लगभग 63% महिला छात्र हैं.
किस कोर्स में कितनी महिलाएं?
- PGP (फ्लैगशिप) कोर्स में कुल 499 छात्र जिसमें महिला छात्रों का प्रतिशत 66 प्रतिशत है
- वहीं, PGP-LSM (लिबरल स्टडीज) में कुल छात्रों की संख्या 51 है जिसमें 82% लड़कियां हैं
- जबकि PGP-Fin (फाइनेंस) में कुल छात्र 49 हैं जिसमें से 12% लड़कियां हैं
बिना इंजीनियरिंग वाले छात्रों को भी मिला बड़ा मौका
अक्सर माना जाता है कि IIM जैसे बड़े संस्थानों में सिर्फ इंजीनियरिंग बैकग्राउंड के छात्रों का दबदबा होता है, लेकिन IIM कोझिकोड ने इस सोच को भी बदला है. इस साल संस्थान में गैर-इंजीनियरिंग (Non-Engineering) बैकग्राउंड के छात्रों की संख्या में भारी उछाल आया है.
- मुख्य PGP कोर्स में 57% छात्र ऐसे हैं जो इंजीनियर नहीं हैं.
- PGP-LSM कोर्स में तो रिकॉर्ड 96% छात्र गैर-इंजीनियरिंग बैकग्राउंड से हैं.
- PGP-Fin कोर्स में भी 45% छात्र बिना इंजीनियरिंग बैकग्राउंड के हैं.
- कुल मिलाकर देखें तो संस्थान के तीनों MBA कोर्सेज में 59% छात्र नॉन-इंजीनियर हैं.
रिसर्च के क्षेत्र में भी नई शुरुआत
IIM कोझिकोड ने इस साल 99 नए डॉक्टरल स्कॉलर्स (PhD) को शामिल कर अपने रिसर्च के स्तर को और मजबूत किया है. रेगुलर डॉक्टरल प्रोग्राम (DPM) में आए 27 छात्रों में से भी 66% महिलाएं हैं. इसके अलावा, संस्थान ने इस बार 'टीचिंग ट्रैक' नाम से एक नया डॉक्टरल प्रोग्राम भी शुरू किया है, जिसका मकसद भविष्य के बेहतरीन मैनेजमेंट टीचर्स और प्रोफेसर्स तैयार करना है.
यह भी पढ़ें- RBI में बिना एग्जाम नौकरी पाने का बड़ा मौका, हर महीने मिलेंगे 1.5 लाख रुपये, Apply करने की लास्ट डेट 6 जुलाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं