ICAI CA Final Result 2026: चार्टर्ड अकाउंटेंसी की पढ़ाई कर रहे लाखों स्टूडेंट्स के लिए बड़ी खबर है. इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया यानी ICAI ने CA Final May 2026 एग्जाम के रिजल्ट की तारीख घोषित कर दी है. लंबे इंतजार के बाद अब स्टूडेंट्स 18 जून की शाम अपना रिजल्ट देख सकेंगे. एग्जाम में शामिल हुए स्टूडेंट्स ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर पाएंगे. रिजल्ट के साथ मेरिट लिस्ट को लेकर भी काफी उत्सुकता है. हर साल की तरह इस बार भी सभी की नजरें उन स्टूडेंट्स पर रहेंगी जो ऑल इंडिया रैंक हासिल करेंगे. ऐसे में आने वाले कुछ दिन CA स्टूडेंट्स के लिए बेहद अहम होने वाले हैं.
18 जून को जारी होगा रिजल्ट
ICAI की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक CA Final May 2026 एग्जाम का रिजल्ट 18 जून की शाम जारी किया जाएगा. रिजल्ट जारी होने के बाद स्टूडेंट्स अपने मार्क्स ऑनलाइन चेक कर सकेंगे. वेबसाइट पर ज्यादा ट्रैफिक होने की संभावना को देखते हुए स्टूडेंट्स को सलाह दी गई है कि वो अपने लॉगिन डिटेल्स पहले से तैयार रखें.
ऐसे चेक करें रिजल्ट
- रिजल्ट जारी होने के बाद स्टूडेंट्स ICAI के रिजल्ट पोर्टल पर जाएं.
- वहां CA Final May 2026 Result लिंक पर क्लिक करें.
- इसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और रोल नंबर दर्ज करें.
- लॉगिन करते ही स्क्रीन पर रिजल्ट दिखाई देगा.
- स्टूडेंट्स अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड करके उसका प्रिंट भी निकाल सकते हैं.
स्कोरकार्ड में क्या दिखेगा
ऑनलाइन रिजल्ट में स्टूडेंट्स को सब्जेक्ट वाइज मार्क्स, कुल अंक, क्वालिफाई स्टेटस और डिस्टिंक्शन स्टेटस जैसी जानकारी मिलेगी. इससे स्टूडेंट्स अपने प्रदर्शन का पूरा आकलन कर सकेंगे.
डिस्टिंक्शन पाने का नियम
ICAI ने साफ किया है कि जो स्टूडेंट्स एक ही प्रयास में 70 प्रतिशत या उससे ज्यादा कुल अंक हासिल करेंगे, उन्हें डिस्टिंक्शन के साथ पास माना जाएगा. ये उपलब्धि उनके आधिकारिक पास सर्टिफिकेट में भी दर्ज की जाएगी.
अब साल में सिर्फ दो बार होगी परीक्षा
ICAI ने अपने पारंपरिक एग्जाम कैलेंडर को फिर से लागू कर दिया है. अब CA एग्जाम केवल मई और नवंबर में आयोजित किए जाएंगे. जनवरी एग्जाम साइकिल को बंद कर दिया गया है. पिछले साल मई सत्र में राजन काबरा ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल की थी. अब सभी की नजरें इस साल की मेरिट लिस्ट पर टिकी हुई हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं