- गुजरात कैडर के IAS अधिकारी गौरव दहिया को अनुशासनात्मक कार्रवाई के बाद अनिवार्य सेवानिवृत्त कर दिया गया है
- गौरव दहिया पर पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने और सेवा के दौरान विवादों में रहने के आरोप लगे थे
- हरियाणा के गुरुग्राम के निवासी गौरव दहिया ने MBBS की डिग्री के बाद UPSC में 76वीं रैंक हासिल की थी
गुजरात कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा के दो अधिकारियों की नौकरी चली गई है. साल 2010 बैच के IAS गौरव दहिया और 2011 बैच के IAS के. राजेश को अनिवार्य सेवानिवृत्त कर दिया गया है. हरियाणा के रहने वाले आईएएस गौरव दहिया पर कार्रवाई दो पत्नी रखने के आरोपों और सेवा के दौरान सामने आए विवादों के चलते हुई है. गौरव दहिया गुजरात की राजधानी गांधीनगर में अतिरिक्त विकास आयुक्त के पद पर तैनात थे. उनके खिलाफ सेवा के दौरान अनुशासनात्मक कार्रवाई, विवादों और कथित कदाचार की जांच के बाद अनिवार्य सेवानिवृत्ति का फैसला लिया गया. आइए जानते हैं कि विवादों में रहे IAS गौरव दहिया का पूरा मामला क्या है.
गुरुग्राम के रहने वाले हैं गौरव दहिया
गौरव दहिया मूल रूप से हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर-4 के निवासी हैं. 3 जून 1984 को जन्मे गौरव दहिया ने वर्ष 2007 में दिल्ली स्थित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज से MBBS की डिग्री प्राप्त की थी. इसके बाद उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की. उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर 76वीं रैंक हासिल की और गुजरात कैडर में IAS अधिकारी बने.

पहली पत्नी रहते दूसरी शादी का लगा आरोप
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, गुजरात कैडर के 42 वर्षीय IAS गौरव दहिया वर्ष 2044 में सेवानिवृत्त होने वाले थे. उनकी अभी 18 वर्ष की सेवा शेष थी, लेकिन उससे पहले ही वर्ष 2026 में उन्हें जबरन सेवानिवृत्त कर दिया गया. गुजरात कैडर ज्वाइन करने के बाद गौरव दहिया ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन डायरेक्टर तथा बनासकांठा और पाटन जैसे जिलों में जिला विकास अधिकारी के पद पर कार्य किया.

दिल्ली की एक महिला ने गौरव दहिया के खिलाफ प्रताड़ना व बिना तलाक दिए दूसरी शादी करने का आरोप लगाया था. महिला का दावा था कि गौरव दहिया ने पहली पत्नी के रहते हुए वर्ष 2018 में उससे दूसरी शादी की थी. दोनों की एक बेटी भी है. महिला के अनुसार, यह शादी 28 फरवरी 2018 को तिरुपति में संपन्न हुई थी. हालांकि, गौरव दहिया ने दूसरी शादी के आरोपों से इनकार किया था. उनका कहना था कि वह महिला के साथ रिलेशनशिप में थे और उन्हें हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल किया जा रहा है.
2019 में हुए थे निलंबित, 2023 में मिली थी बहाली
IAS गौरव दहिया के इस दो पत्नी वाले मामले ने काफी तूल पकड़ा था. उच्चस्तरीय समिति ने पूरे मामले की जांच के बाद अगस्त 2019 में उन्हें निलंबित कर दिया था. बाद में वर्ष 2023 में उन्हें बहाल कर गांधीनगर में अतिरिक्त विकास आयुक्त के पद पर नियुक्त किया गया. तब से वह इसी पद पर सेवाएं दे रहे थे. अब केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने उनके सेवा संबंधी रिकॉर्ड की समीक्षा के बाद उन्हें जबरन सेवानिवृत्त करने के आदेश जारी किए हैं.
यह भी पढ़ें- IAS अनु कुमारी ने छोड़ा तिरुवनंतपुरम DM पद, विदाई पर भावुक हुईं हरियाणा की UPSC टॉपर बेटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं