MPBSE MP BOARD Second Main Exam: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने आखिरकार कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के नतीजे जारी कर दिए हैं. इसके साथ ही करीब 16 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स का इंतजार खत्म हो गया. रिजल्ट जारी होते ही लाखों छात्रों के चेहरे पर खुशी आई, लेकिन बड़ी संख्या में ऐसे छात्र भी हैं जो इस बार पास नहीं हो पाए. ऐसे छात्रों को निराश होने की जरूरत नहीं है. अच्छी खबर यह है कि उन्हें अब एक और मौका मिलेगा और वह भी बिना साल बर्बाद किए. आइए जानते हैं कि फेल हुए छात्र भी कैसे अपना साल बिना गंवाए अपनी पढ़ाई जारी रख सकते हैं.
फेल हुए छात्रों के लिए क्या है विकल्पएमपी बोर्ड ने इस साल से पारंपरिक सप्लीमेंट्री परीक्षा की व्यवस्था खत्म कर दी है. इसकी जगह अब 'सेकेंड मेन एग्जाम' यानी दूसरा मौका दिया जा रहा है, जो पहले के मुकाबले ज्यादा बेहतर माना जा रहा है. इस नई व्यवस्था के तहत फेल हुए छात्र दोबारा परीक्षा दे सकेंगे. इसके अलावा जो छात्र पास हैं, वे भी अपने नंबर सुधारने के लिए शामिल हो सकते हैं. इस परीक्षा का फॉर्मेट 'सप्लीमेंट्री' नहीं बल्कि रेगुलर परीक्षा जैसा ही रहेगा.
कब होगी दूसरी परीक्षाएमपी बोर्ड के मुताबिक, सेकेंड मेन एग्जाम 7 मई 2026 से शुरू होगा. छात्र ऑनलाइन या अपने स्कूल के माध्यम से इसमें अप्लाई कर सकते हैं.
रुक जाना नहीं योजना क्या हैइसके अलावा मध्य प्रदेश सरकार की 'रुक जाना नहीं' योजना भी फेल हुए छात्रों के लिए बड़ा सहारा बनती है. ये योजना खास तौर पर उन छात्रों के लिए चलाई जाती है जो 10वीं या 12वीं में फेल हो जाते हैं या पढ़ाई छोड़ने की कगार पर पहुंच जाते हैं. इस योजना के तहत छात्र मध्य प्रदेश स्टेट ओपन स्कूल (MPSOS) के जरिए उन सब्जेक्ट्स की दोबारा परीक्षा दे सकते हैं, जिनमें वो फेल हुए हैं. खास बात यह है कि इसके लिए साल में एक से ज्यादा बार परीक्षा कराई जाती है, जिससे छात्रों को जल्दी दूसरा मौका मिल जाता है और उनका साल बर्बाद नहीं होता.
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होती है. छात्र MPSOS की ऑफिशियल वेबसाइट या एमपी ऑनलाइन पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकते हैं. परीक्षा पास करने के बाद मिलने वाला सर्टिफिकेट वैलिड होता है, जिससे छात्र बिना किसी रुकावट के अपनी आगे की पढ़ाई जारी रख सकते हैं.
छात्रों के लिए बड़ा मैसेजरिजल्ट में फेल होना किसी भी छात्र के लिए निराशाजनक हो सकता है, लेकिन अब सिस्टम में ऐसे विकल्प मौजूद हैं जो उन्हें दोबारा खड़े होने का मौका देते हैं. सेकेंड मेन एग्जाम और “रुक जाना नहीं” जैसी योजनाएं इस बात का संकेत हैं कि अब एक गलती से पूरा साल खराब नहीं होगा. यानी अगर इस बार रिजल्ट उम्मीद के मुताबिक नहीं आया है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. आपके पास फिर से पास होने और आगे बढ़ने का पूरा मौका है.
यह भी पढ़ें- MP Board Result 2026: रोजगार सहायक की बेटी ने रचा इतिहास, पन्ना की 'प्रतिभा' की चमक से रोशन हुआ मध्य प्रदेश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं