भारत में तेजी से बदलती डिजिटल दुनिया के बीच अब युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है. सरकार ने टेक्नोलॉजी और क्रिएटिव सेक्टर को मजबूत बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है, जहां 15 हजार युवाओं को फ्री में एआई और डिजिटल स्किल्स सिखाई जाएंगी. ये पहल ना सिर्फ करियर के नए रास्ते खोलेगी बल्कि कंटेंट क्रिएशन और मीडिया इंडस्ट्री में भी नई ऊर्जा भरने वाली है. खास बात ये है कि इसमें गूगल और यूट्यूब जैसे बड़े प्लेटफॉर्म भी जुड़े हैं, जिससे इसकी वैल्यू और बढ़ जाती है.
क्या है पूरा प्लान
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस पहल के तहत तीन बड़े प्रोग्राम लॉन्च किए हैं. इनका मकसद भारत के मीडिया, ब्रॉडकास्टिंग और डिजिटल कंटेंट सेक्टर को मजबूत करना है. इस योजना में नेशनल एआई स्किलिंग इनिशिएटिव, माई वेव्स प्लेटफॉर्म और टीवी में नई तकनीक शामिल है.
एआई स्किलिंग से मिलेगा बड़ा फायदा
नेशनल एआई स्किलिंग इनिशिएटिव के तहत 15 हजार युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल मीडिया की ट्रेनिंग दी जाएगी. ये ट्रेनिंग पूरी तरह फ्री होगी, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इसका फायदा उठा सकें. ये कदम खासतौर पर उन युवाओं के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है जो टेक्नोलॉजी में करियर बनाना चाहते हैं.
माई वेव्स से मिलेगा क्रिएटर्स को प्लेटफॉर्म
MyWAVES एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है जहां लोग अपना कंटेंट बना सकते हैं, अपलोड कर सकते हैं और शेयर कर सकते हैं. इसका मकसद एक मजबूत डिजिटल इकोसिस्टम तैयार करना है. इससे नए क्रिएटर्स को अपनी पहचान बनाने का मौका मिलेगा.
गांव तक पहुंचेगी नई टेक्नोलॉजी
सरकार की तीसरी पहल में टीवी सेट्स में इन-बिल्ट सैटेलाइट ट्यूनर और एडवांस प्रोग्राम गाइड जोड़ने की योजना है. इससे लोगों को बिना सेट-टॉप बॉक्स के डीडी फ्री डिश जैसी सेवाएं मिल सकेंगी. खासकर ग्रामीण इलाकों में ये सुविधा काफी काम आएगी.
क्यों खास है ये पहल
ये सभी योजनाएं मिलकर देश की 'ऑरेंज इकोनॉमी' को बढ़ावा देंगी, यानी क्रिएटिव और डिजिटल सेक्टर को नई ताकत मिलेगी. साथ ही युवाओं के लिए नए रोजगार के मौके भी तैयार होंगे.
QS World University Rankings 2026: टॉप-10 में कौन सी यूनिवर्सिटी किस देश की हैं?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं