हर साल लाखों भारतीय छात्र अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी और यूरोप के दूसरे देशों में पढ़ाई के लिए आवेदन करते हैं. लेकिन केवल अच्छे अंक होना ही काफी नहीं होता. अधिकांश विदेशी विश्वविद्यालय प्रवेश से पहले छात्रों की अंग्रेजी भाषा और अकादमिक क्षमता को परखने के लिए कुछ अंतरराष्ट्रीय परीक्षाओं के स्कोर मांगते हैं.
IELTS (International English Language Testing System)
IELTS दुनिया की सबसे लोकप्रिय अंग्रेजी दक्षता (English Proficiency) परीक्षाओं में से एक है. यह सुनने, पढ़ने, लिखने और बोलने की क्षमता का मूल्यांकन करती है. यह UK, Canada, Australia, New Zealand, कई अमेरिकी विश्वविद्यालयों में मान्य है. जिन छात्रों की पहली भाषा अंग्रेजी नहीं है, उनसे अधिकांश विश्वविद्यालय IELTS स्कोर मांगते हैं.
TOEFL (Test of English as a Foreign Language)
TOEFL भी अंग्रेजी भाषा दक्षता की प्रमुख परीक्षा है. विशेष रूप से अमेरिका के विश्वविद्यालयों में इसे व्यापक रूप से स्वीकार किया जाता है. इसके अलावा कई कनाडाई और यूरोपीय विश्वविद्यालयों में भी इसे स्वीकार किया जाता है.
PTE Academic (Pearson Test of English)
PTE एक कंप्यूटर आधारित अंग्रेजी परीक्षा है, जिसके परिणाम अपेक्षाकृत जल्दी मिलते हैं. इसे Australia, UK, Canada, New Zealand, कई अन्य अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों में स्वीकार किया जाता है.
Duolingo English Test
कोविड महामारी के बाद कई विश्वविद्यालयों ने Duolingo English Test को भी स्वीकार करना शुरू किया. यह घर बैठे ऑनलाइन दिया जा सकता है. हालांकि, सभी विश्वविद्यालय इसे स्वीकार नहीं करते. आवेदन करने से पहले संबंधित विश्वविद्यालय की वेबसाइट जरूर देखें.
जर्मनी में पढ़ना चाहते हैं तो ये हैं वहां की 6 टॉप यूनिवर्सिटीज, टॉप कोर्स और ऐसा होता है एडमिशन
SAT (Scholastic Assessment Test)
यदि आप 12वीं के बाद विदेश में स्नातक (Undergraduate) करना चाहते हैं, खासकर अमेरिका में तो SAT की आवश्यकता हो सकती है. यह परीक्षा मुख्य रूप से गणित, रीडिंग, लेखन एवं विश्लेषण पर आधारित होती है. हालांकि हाल के वर्षों में कई अमेरिकी विश्वविद्यालय टेस्ट-ऑप्शनल हुए हैं, लेकिन कई संस्थान अब भी SAT स्कोर स्वीकार करते हैं.
ACT (American College Testing)
ACT भी SAT का विकल्प है और अमेरिकी विश्वविद्यालयों में व्यापक रूप से स्वीकार किया जाता है. इसमें English, Mathematics, Reading, Science से संबंधित टेस्ट लिया जाता है.
GRE (Graduate Record Examination)
अगर आप विदेश में Master's या MS जैसे पोस्टग्रेजुएट कोर्स करना चाहते हैं, तो कई विश्वविद्यालय GRE स्कोर मांग सकते हैं. GRE में मूल्यांकन होता है- Verbal Reasoning, Quantitative Reasoning, Analytical Writing. अब कई विश्वविद्यालय GRE को वैकल्पिक (Optional) भी बना चुके हैं, इसलिए आवेदन से पहले संबंधित विश्वविद्यालय की पात्रता अवश्य जांचें.
GMAT (Graduate Management Admission Test)
विदेश में MBA या बिजनेस मैनेजमेंट प्रोग्राम में प्रवेश के लिए GMAT सबसे प्रमुख परीक्षाओं में से एक है. इस परीक्षा में Analytical Skills, Quantitative Ability, Data Interpretation, Critical Thinking को जांचा जाता है. हालांकि कुछ बिजनेस स्कूल GRE भी स्वीकार करते हैं.
MCAT
अगर आप अमेरिका या कनाडा में मेडिकल शिक्षा (MD) लेना चाहते हैं, तो MCAT आवश्यक हो सकता है. यह मेडिकल क्षेत्र के लिए विशेष प्रवेश परीक्षा है.
LSAT
विदेश में Law की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए LSAT महत्वपूर्ण परीक्षा मानी जाती है. यह मुख्य रूप से लॉ स्कूलों में प्रवेश के लिए आयोजित होती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं