दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ (DUSU) के चुनावों की तैयारी अगले कुछ ही दिनों में तेज हो जाएगी. तमाम छात्र संगठन अपना प्रचार शुरू करेंगे और फर्स्ट ईयर में एडमिशन लेने वाले छात्रों को लुभाने की कोशिश होगी. इसी बीच डीयू छात्र संघ के चुनावों की तारीख भी सामने आ गई है. ये चुनाव 18 सितंबर को होंगे और वोटों की गिनती अगले दिन यानी 19 तारीख को होगी. दिल्ली यूनिवर्सिटी की तरफ से ये जानकारी दी गई है. डीयू रजिस्ट्रार के हस्ताक्षर वाली अधिसूचना के अनुसार नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तारीख 10 सितंबर तय की गई है.
उम्मीदवारों के लिए जरूरी बात
अधिसूचना के अनुसार, 500 रुपये के डिमांड ड्राफ्ट और हलफनामे के साथ नामांकन पत्र 10 सितंबर को दोपहर तीन बजे जमा किए जा सकते हैं. उसी दिन दोपहर सवा तीन बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी और उसके बाद शाम छह बजे तक सही तरीके से नामित किए गए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी. उम्मीदवार 11 सितंबर तक अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकते हैं. उम्मीदवारों की आखिरी लिस्ट उसी दिन शाम पांच बजे प्रकाशित की जाएगी.
वोटिंग का टाइम
डूसू चुनाव के लिए वोटिंग 18 सितंबर को होगी. सुबह की शिफ्ट वाले छात्र सुबह साढ़े आठ बजे से एक बजे तक मतदान कर सकेंगे. वहीं शाम की शिफ्ट में दोपहर 3 बजे से शाम सात बजे तक वोट डाल पायेंगे. इस दौरान पूरी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी. यूनिवर्सिटी ने कहा है कि डूसू के पदाधिकारियों के लिए नामांकन पत्र उत्तरी परिसर में वनस्पति शास्त्र विभाग के सामने ‘कॉन्फ्रेंस सेंटर' में मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय में जमा किए जाने हैं.
डूसू केंद्रीय परिषद के सदस्यों के लिए नामांकन पत्र संबंधित महाविद्यालयों, विभागों और संस्थानों से प्राप्त किए जा सकते हैं. अधिसूचना में ये भी कहा गया है कि सभी नामांकन पत्र दिल्ली विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं. चुनाव डूसू आचार संहिता, डूसू संविधान और अदालत के संबंधित निर्देशों के अनुसार कराए जाएंगे. इन निर्देशों में उच्चतम न्यायालय की लिंगदोह समिति की सिफारिशें और दिल्ली उच्च न्यायालय एवं राष्ट्रीय हरित अधिकरण के बाद के आदेश भी शामिल हैं.
ये भी पढ़ें - NEET UG काउंसलिंग राउंड-1 का शेड्यूल बदला! 15 अगस्त तक रजिस्ट्रेशन, इस दिन आएगा रिजल्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं