विज्ञापन

भोपाल में बोले धर्मेंद्र प्रधान- नारी शक्ति की भागीदारी से ही साकार होगा 'विकसित भारत'

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भोपाल में आयोजित 'आत्मनिर्भर महिला सम्मान' कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण को लेकर एक बड़ा कदम उठाया.

भोपाल में बोले धर्मेंद्र प्रधान- नारी शक्ति की भागीदारी से ही साकार होगा 'विकसित भारत'
अपने संबोधन के अंत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भोपाल का हर घर नारी शक्ति की आत्मनिर्भरता और सफलता की कहानी का साक्षी बने, यही प्रयास है.

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भोपाल में आयोजित ‘आत्मनिर्भर महिला सम्मान' कार्यक्रम में आत्मनिर्भर नारी शक्ति से संवाद किया और उनके द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों का अवलोकन किया. इस दौरान उन्होंने महिलाओं के परिश्रम, प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि देश की नारी शक्ति आज कौशल, नवाचार और आत्मनिर्भरता के बल पर अपनी नई पहचान बना रही है.

महिलाओं की सराहना

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने विशेष रूप से लखपति दीदियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वे स्वरोजगार के साथ-साथ शिक्षा, कौशल विकास और नवाचार के क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर रही हैं. कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने उन महिलाओं की भी सराहना की जो उच्च शिक्षा, पीएचडी और डबल आईटीआई जैसे कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से अपने भविष्य को नई दिशा दे रही हैं.

आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दे रही हैं

उन्होंने मंदिरों से जुड़े अपशिष्ट पदार्थों के पुनः उपयोग से नए उत्पाद तैयार करने की पहल को स्वच्छता, रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता का प्रेरक उदाहरण बताया. साथ ही केंद्र सरकार की गोवर्धन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी पहलें कचरे को उपयोगी संसाधन में बदलकर पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दे रही हैं.

IIM और IGNOU के साथ मिलकर करेंगे काम

धर्मेंद्र प्रधान ने घोषणा की कि महिलाओं को शिक्षा और कौशल के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए IGNOU के साथ मिलकर नए प्रयास किए जाएंगे. इसके अलावा IIM जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों को भी इस पहल से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जाएगा, ताकि महिलाओं को बेहतर अवसर और नई संभावनाएं मिल सकें.

उन्होंने कहा कि भोपाल को स्वच्छ, सुंदर और आत्मनिर्भर शहर बनाने में नारी शक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. साथ ही PNG (Piped Natural Gas) के उपयोग को बढ़ावा देकर ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और बेहतर जीवनशैली के लक्ष्य को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया.

अपने संबोधन के अंत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भोपाल का हर घर नारी शक्ति की आत्मनिर्भरता और सफलता की कहानी का साक्षी बने, यही प्रयास है. उन्होंने विश्वास जताया कि मातृ शक्ति की सक्रिय भागीदारी से ही ‘विकसित भारत' का सपना साकार होगा और यही शक्ति देश की प्रगति एवं समृद्धि का आधार बनेगी.

यह भी पढ़ें- UP शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही: 5 साल पहले मर चुकीं दो महिला टीचर्स का कर दिया प्रमोशन, मचा हड़कंप!

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com