College Admission Without CUET Exam : अगर किसी स्टूडेंट का CUET स्कोर अच्छा नहीं आया है या उसने परीक्षा ही नहीं दी, तो इसका मतलब यह नहीं कि अच्छे कॉलेज में पढ़ाई का सपना खत्म हो गया. देश के कई बड़े कॉलेज और यूनिवर्सिटीज ऐसे हैं, जो CUET स्कोर को जरूरी नहीं मानते. कई कॉलेज आज भी 12वीं के नंबरों के आधार पर मेरिट लिस्ट जारी करते हैं, जबकि कई प्राइवेट और डीम्ड यूनिवर्सिटीज अपना एंट्रेंस टेस्ट या अलग सिलेक्शन प्रोसेस अपनाती हैं. आइए जानते हैं देश के कुछ ऐसे बड़े कॉलेज और यूनिवर्सिटीज के बारे में जिनमें CUET के बिना भी एडमिशन लिया जा सकता है.
मिठीबाई कॉलेज, मुंबई
मुंबई का यह बड़ा कॉलेज कई ग्रेजुएशन कोर्स में 12वीं के नंबरों के आधार पर मेरिट लिस्ट जारी करता है. एडमिशन प्रोसेस कॉलेज और मुंबई यूनिवर्सिटी के नियमों के अनुसार होती है.
नरसी मोंजी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स (NM College), मुंबई
कॉमर्स की पढ़ाई के लिए मशहूर NM College में भी कई ग्रेजुएशन कोर्स में 12वीं के नंबरों के आधार पर मेरिट से एडमिशन मिलता है. कॉलेज की एडमिशन नोटिस में बोर्ड एग्जाम के कुल नंबरों के आधार पर आवेदन का प्रावधान दिया गया है.
हसराम रिजूमल कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स (HR College), मुंबई
मुंबई यूनिवर्सिटी से संबद्ध HR College भी कई ग्रेजुएशन कोर्स में 12वीं की मेरिट के आधार पर एडमिशन देता है. हर साल एडमिशन की प्रक्रिया कॉलेज की आधिकारिक नोटिस के अनुसार होती है.
जय हिंद कॉलेज, मुंबई
कॉमर्स, आर्ट्स और साइंस के कई ग्रेजुएशन कोर्स में एडमिशन 12वीं के नंबरों के आधार पर मेरिट लिस्ट से होता है.
किशनचंद चेल्लाराम कॉलेज (KC College), मुंबई
मुंबई के पुराने और बड़े कॉलेजों में शामिल KC College भी कई ग्रेजुएशन कोर्स में मेरिट के आधार पर एडमिशन देता है.
विल्सन कॉलेज, मुंबई
विल्सन कॉलेज में भी अलग-अलग ग्रेजुएशन कोर्स में 12वीं के नंबरों के आधार पर मेरिट से एडमिशन मिलता है.
फर्ग्यूसन कॉलेज, पुणे
पुणे का यह मशहूर कॉलेज कई ग्रेजुएशन कोर्स में 12वीं के नंबरों के आधार पर एडमिशन देता है. हालांकि, कुछ खास कोर्स के लिए अलग नियम हो सकते हैं. इसलिए आवेदन करने से पहले संबंधित कोर्स की एडमिशन नोटिस जरूर देख लें.
जहां CUET नहीं, लेकिन अपना एंट्रेंस टेस्ट या अलग सिलेक्शन प्रोसेस है
देश की कई बड़ी प्राइवेट और डीम्ड यूनिवर्सिटीज ग्रेजुएशन एडमिशन के लिए CUET स्कोर को अनिवार्य नहीं मानतीं. हालांकि, यहां सिर्फ 12वीं के नंबरों के आधार पर दाखिला नहीं मिलता. ये संस्थान अपनी एंट्रेंस परीक्षा, इंटरव्यू या दूसरे सिलेक्शन प्रोसेस के जरिए छात्रों का चयन करते हैं.
इनमें अशोका यूनिवर्सिटी, ओ.पी. जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी, बेनेट यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU), एमिटी यूनिवर्सिटी, शारदा यूनिवर्सिटी, गलगोटियास यूनिवर्सिटी, UPES, देहरादून और मणिपाल यूनिवर्सिटी, जयपुर जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं. अलग-अलग यूनिवर्सिटीज में एडमिशन के नियम और सिलेक्शन प्रोसेस अलग हो सकते हैं, इसलिए आवेदन करने से पहले संबंधित संस्थान की आधिकारिक एडमिशन पॉलिसी जरूर देख लें.
ये भी पढ़ें - भारतीय छात्रों में जर्मनी का क्रेज, 6 महीने में 370% बढ़े आवेदन; AI और टेक कोर्स पहली पसंद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं