कई राज्यों ने 12वीं पास करने वाले छात्रों के लिए महत्वपूर्ण स्कॉलरशिप स्कीम शुरू कर रखी हैं. 12वीं कक्षा में अच्छे अंक लाने वाले छात्र और टॉपर इन स्कॉलरशिप स्कीम का लाभ उठा सकते हैं. उत्तराखंड सरकार ने अपने राज्य में 12वीं पास छात्र-छात्राओं के लिए नंदा गौरा योजना शुरू की है. इस योजना के तहत 50,000 रुपये तक की स्कॉलरशिप दी जाती है. इस स्कीम का लाभ उत्तराखंड के स्थायी निवासी ही उठा सकते हैं. बिहार सरकार ने भी मेधावी छात्रों और बोर्ड टॉपर्स के लिए कई तरह की योजना शुरू की है. इन योजना की मदद से छात्रों को आर्थिक सहायता दी जाती है.ताकि वो 12वीं पास करने के बाद अच्छे कॉलेज से पढ़ाई कर सकें, बिना किसी खर्च के डर से.
मध्य प्रदेश सरकार की योजना
मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना (MMVY) मध्य प्रदेश सरकार की योजना है. इस योजना के तहत 12वीं में जो छात्र अच्छे अंक लाते हैं, उनकी कॉलेजी की फीस का खर्चा सरकार उठाती है. इस योजना का फायदा राज्य के मूल छात्रों को ही मिलता है. माध्यमिक शिक्षा मंडल (MP Board) के छात्र जिन्होंने 12वीं में न्यूनतम 70% अंक और CBSE/ICSE बोर्ड के वो छात्र जिन्होंने 12वीं में न्यूनतम 85% अंक हासिल किए हो, वो इस स्कीम का लाभ उठा सकते हैं.
उत्तर प्रदेश स्कॉलरशिप योजना
उत्तर प्रदेश स्कॉलरशिप योजना के तहत 12वीं कक्षा के छात्रों को "पोस्ट-मैट्रिक इंटरमीडिएट" श्रेणी में स्कॉलरशिप दी जाती है. योजना के तहत छात्रों को उनके कोर्स की फीस दी जाती है.
पश्चिम बंगाल स्कॉलरशिप स्कीम
स्वामी विवेकानंद मेरिट-कम-मीन्स स्कॉलरशिप (SVMCM) के तहत मेधावी छात्र जो आर्थिक रूप से कमजोर होते हैं, उन्हें कॉलेज में पढ़ाई के लिए 12,000 रुपये से लेकर 60,000 रुपये तक की सहायता दी जाती है.
केंद्र सरकार की स्कॉलरशिप स्कीम
इसके अलावा केंद्र सरकार ने भी कई तरह की स्कॉलरशिप स्कीम शुरू कर रखी हैं. INSPIRE स्कॉलरशिप, साइंस के छात्रों के लिए शुरू की गई है. इस योजना के तहत 12वीं बोर्ड के टॉप 1% छात्रों को 80,000 हजार प्रति साल दिए जाते हैं. B.Sc. या Integrated M.Sc. कर रहे छात्र इस योजना का लाभ उठा सकते हैं.
PM-USP सेंट्रल सेक्टर स्कीम (Pradhan Mantri Uchchatar Shiksha Protsahan - Central Sector Scheme of Scholarship) का लाभ भी 12वीं बोर्ड परीक्षा पास करने वाले छात्र उठा सकते हैं. 12वीं में 80 पर्सेंटाइल से ऊपर अंक लाने वाले मेधावी छात्रों इस स्कीम के जरिए कॉलेज की पढ़ाई के लिए सालाना 12,000 से 20,000 हजार रुपये तक की मदद दी जाती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं