विज्ञापन

CBSE बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट क्यों नहीं हो रही है जारी? लाखों छात्रों का बढ़ रहा इंतजार

CBSE Date Sheet 2027: सीबीएसई के लाखों छात्र बेसब्री के साथ बोर्ड परीक्षाओं के शेड्यूल का इंतजार कर रहे हैं. पिछली बार 30 अक्टूबर को फाइनल डेटशीट जारी हो गई थी, लेकिन 2027 की परीक्षा के लिए अब तक टाइम टेबल नहीं आया है.

CBSE बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट क्यों नहीं हो रही है जारी? लाखों छात्रों का बढ़ रहा इंतजार
CBSE के लाखों छात्रों को डेटशीट का इंतजार

CBSE के लाखों छात्रों का इंतजार खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की तरफ से अब तक 2027 में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के लिए डेटशीट जारी नहीं की गई है. पहले माना जा रहा था कि 31 अक्टूबर तक डेटशीट जारी की जा सकती है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. अब नवंबर के चार दिन भी लगभग बीच चुके हैं और बोर्ड की तरफ से इसे लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है. ऐसे में आइए जानते हैं कि इस देरी की वजह क्या है और बोर्ड परीक्षाओं में किस तरह के बदलाव हो सकते हैं. 

CBSE डेटशीट में देरी की वजह

CBSE की तरफ से डेटशीट जारी करने में हो रही देरी की अब तक कोई वजह नहीं बताई गई है, लेकिन इस साल हुई तमाम चीजों को इसकी वजह माना जा रहा है. 2026 में सीबीएसई कई विवादों में घिरा रहा. सबसे ज्यादा विवाद 12वीं के छात्रों के पेपर चेकिंग को लेकर हुआ. इसके लिए पहली बार ऑन स्क्रीन मार्किंग (OSM) का इस्तेमाल हुआ था, जिसमें तमाम तरह की गड़बड़ियां पाई गईं. सीबीएसई ने बताया था कि ये सिस्टम काफी बेहतर है, लेकिन छात्रों ने ही इसकी पोल खोलकर रख दी. इसके बाद से ही बोर्ड परीक्षाओं और छात्रों के भविष्य को लेकर सवाल उठे थे. 

अब इस बार सीबीएसई की तरफ से ये पुख्ता किया जा रहा है कि कोई भी ऐसी गलती न हो, जिससे बोर्ड की फिर से किरकिरी हो. ऐसे में डेटशीट और बाकी तमाम तरह की चीजों के लिए पूरा वक्त लिया जा रहा है. एक्सपर्ट्स का भी कहना है कि भले ही बोर्ड देर कर रहा है, लेकिन असली मामला चीजों को दुरुस्त करने का है. 

पिछली बार कब जारी हुई थी डेटशीट?

सीबीएसई की तरफ से 2026 में होने वाली परीक्षाओं के लिए 30 अक्टूबर 2025 को ही डेटशीट जारी कर दी गई थी. इतना ही नहीं बोर्ड ने करीब एक महीने पहले टेंटेटिव डेटशीट भी जारी की थी. हालांकि इस बार ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है. फिलहाल बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र अपने टाइम टेबल का इंतजार कर रहे हैं. छात्रों को परीक्षाओं के बीच गैप और बाकी चीजें देखनी होती है, ऐसे में उन्हें डेटशीट का खास इंतजार होता है. 

यह भी पढ़ें | CBSE ने 10वीं और 12वीं के फॉर्म में हुई गलती को सुधारने के लिए खुली करेक्शन विंडो, 7 नवंबर है लास्ट डेट

यह भी पढ़ें | CBSE ने जारी किया 10वीं गणित का सैंपल पेपर और मार्किंग स्कीम, जानें कैसा होगा एग्जाम का नया पैटर्न

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CBSE Date Sheet 2027, CBSE Date Sheet 2027 Latest News, CBSE Board Exam 2027
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com