विज्ञापन

CBSE ने टाल दिए 3 मार्च के बोर्ड एग्जाम, जानें कौन सी तारीख को होगी परीक्षा

सीबीएसई ने 3 मार्च को होने वाली 10वीं और 12वीं की कुछ परीक्षाएं आगे बढ़ा दी हैं. 10वीं का पेपर अब 11 मार्च और 12वीं लीगल स्टडीज की परीक्षा 10 अप्रैल को होगी.

CBSE ने टाल दिए 3 मार्च के बोर्ड एग्जाम, जानें कौन सी तारीख को होगी परीक्षा
CBSE की 3 मार्च वाली बोर्ड परीक्षा कब होगी

CBSE Board Exam 2026 Rescheduled: सीबीएसई स्टूडेंट्स के लिए आज की सुबह थोड़ी अलग रही. 3 मार्च को होने वाली 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं आज नहीं कराई जाएंगी. बोर्ड ने पहले ही साफ कर दिया था कि ये पेपर प्रशासनिक कारणों से आगे बढ़ाए जा रहे हैं. ऐसे में जिन स्टूडेंट्स ने आज एग्जाम देने की पूरी तैयारी कर ली थी, उन्हें अब नई तारीख के हिसाब से अपनी तैयारी सेट करनी होगी. बोर्ड ने नई डेटशीट जारी कर दी है और स्कूलों को भी जानकारी देने के निर्देश दे दिए गए हैं.

11 मार्च को होगा 10वीं का पेपर

बोर्ड ने साफ किया है कि 3 मार्च को 10वीं के जिन स्टूडेंट्स का पेपर तय था, अब वो परीक्षा 11 मार्च 2026 को होगी. यानी आज होने वाला एग्जाम आगे बढ़ा दिया गया है और स्टूडेंट्स को नई तारीख के मुताबिक तैयारी करनी होगी. इसमें रीजनल लैंग्वेज और विदेशी भाषाओं के कई सब्जेक्ट्स शामिल हैं. इसके अलावा एनसीसी और बुक कीपिंग एंड अकाउंटेंसी जैसे वैकल्पिक विषय भी अब उसी नई तारीख पर होंगे. अच्छी बात ये है कि बाकी सभी सब्जेक्ट्स की परीक्षाएं पहले से तय तारीख पर ही होंगी और उनके शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

12वीं लीगल स्टडीज की नई डेट

12वीं के स्टूडेंट्स के लिए भी बड़ा अपडेट आया है. 3 मार्च को होने वाली लीगल स्टडीज की परीक्षा अब 10 अप्रैल 2026 को कराई जाएगी. यानी जिन स्टूडेंट्स के ये सब्जेक्ट्स हैं उन्हें तैयारी के लिए थोड़ा ज्यादा समय मिल गया है. बोर्ड ने कहा है कि संशोधित तारीखें एडमिट कार्ड में भी दिखाई देंगी और स्कूल अपने लेवल पर डेटशीट अपडेट करेंगे.

पहले कब से शुरू हुई थीं परीक्षाएं

सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हुई थीं. पहले दिन 10वीं के स्टूडेंट्स ने मैथ्स का पेपर दिया था, जबकि 12वीं में बायोटेक्नोलॉजी, एंटरप्रेन्योरशिप और शॉर्टहैंड जैसे विषय हुए थे. इस साल 10वीं में 83 विषय और 12वीं में 120 विषयों की परीक्षाएं कराई जा रही हैं. 10वीं की परीक्षाएं 10 मार्च तक चलेंगी, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 10 अप्रैल को खत्म होंगी. स्टूडेंट्स को सलाह दी गई है कि वो नई डेटशीट ध्यान से देखें और उसी के मुताबिक अपनी पढ़ाई की प्लानिंग करें.

होली 2026 पर स्कूलों की छुट्टी का कन्फ्यूजन, जानिए 3 या 4 मार्च कब बंद रहेंगे स्कूल?

लेखक के बारे में
img
मुकेश बौड़ाई
Chief Copy Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CBSE, CBSE Board Exam 2026, CBSE Rescheduled Exam, Cbse Board Exam Update, CBSE Rescheduled Exam Date
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com