दिल्ली में हिमांशु भाऊ गैंग की बड़ी साजिश नाकाम, टारगेट किलिंग के लिए आए तीन शार्पशूटर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने आउटर नॉर्थ इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के नेटवर्क से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो एक सुपारी किलिंग को अंजाम देने की तैयारी में थे.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
पुलिस ने तीन शार्पशूटरों को गिरफ्तार किया
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • दिल्ली पुलिस के आउटर नॉर्थ जिले ने तीन शार्पशूटरों को बड़ी सुपारी किलिंग की तैयारी करते हुए गिरफ्तार किया.
  • आरोपियों के पास से दो विदेशी पिस्टल, 27 कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई.
  • गिरफ्तार आरोपियों में दो वयस्क और एक नाबालिग शामिल हैं, जिनका मास्टरमाइंड नितिन उर्फ विक्की है.
नई दिल्ली:

दिल्ली पुलिस के आउटर नॉर्थ जिला पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के नेटवर्क से जुड़े तीन शार्पशूटरों को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वे एक बड़ी सुपारी किलिंग को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो वयस्क और एक नाबालिग शामिल है. पुलिस ने इनके पास से दो अत्याधुनिक विदेशी पिस्टल, 27 कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है, जिसे वारदात में इस्तेमाल किया जाना था.

नाबालिग आरोपी के पास से भी छह कारतूस बरामद

दिल्ली पुलिस के अनुसार 5 जून 2026 की शाम आउटर नॉर्थ जिले की पेट्रोलिंग टीम पूठ खुर्द इलाके के बंगाली मार्केट के पास गश्त कर रही थी, तभी उनकी नजर एक काली मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवकों पर पड़ी. पुलिस को देखते ही आरोपी घबरा गए और मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे, जिस पर सतर्क पुलिस टीम ने उनका पीछा कर कुछ दूरी पर घेरकर पकड़ लिया. तलाशी के दौरान बाइक चला रहे आरोपी अजय के पास से OREETA CAL 7.62 मार्किंग वाली अवैध पिस्टल और 18 कारतूस बरामद हुए, जबकि दूसरे आरोपी कन्हैया कुमार के पास से P. BRATTA CAL 7.65 VT मार्किंग की पिस्टल और तीन कारतूस मिले. वहीं, तीसरे नाबालिग आरोपी के पास से भी छह कारतूस बरामद किए गए. इस तरह पुलिस ने कुल दो अवैध पिस्टल, 27 कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली मोटरसाइकिल जब्त कर ली.

नितिन उर्फ विक्की... इस पूरे ऑपरेशन का मास्टरमाइंड

गिरफ्तार आरोपियों में अजय (22) हरियाणा के झज्जर का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले भी मामला दर्ज है, जबकि कन्हैया कुमार (22) दिल्ली के पूठ खुर्द का निवासी है और तीसरा आरोपी नाबालिग है. पूछताछ में खुलासा हुआ कि नितिन उर्फ विक्की उर्फ हड्डल इस पूरे ऑपरेशन का मास्टरमाइंड है, जो कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ का करीबी सहयोगी है. उसने सोशल मीडिया के जरिए कन्हैया और नाबालिग को संपर्क में लेकर अजय को भी नेटवर्क में शामिल किया और तीनों को टीम बनाकर एक व्यक्ति की हत्या की साजिश रची. जांच में पता चला कि आरोपी बवाना इलाके में किराए के कमरे में रहकर अपने टारगेट की रेकी कर रहे थे और उसकी दिनचर्या पर नजर रख रहे थे.पुलिस के अनुसार उन्होंने हत्या की पूरी तैयारी कर ली थी और जल्द ही वारदात को अंजाम देने वाले थे, लेकिन समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ा अपराध टल गया.

फिलहाल पुलिस इस मामले को बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम करने के रूप में देख रही है और हथियारों की सप्लाई चेन, गैंग नेटवर्क तथा आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है. उनके मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की जा रही है. आउटर नॉर्थ जिला के डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने पुलिस टीम की सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई से गंभीर अपराध टल गया. पुलिस अब मास्टरमाइंड विक्की हड्डल और हिमांशु भाऊ गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है और आगे और गिरफ्तारियों से इंकार नहीं किया जा सकता.

Advertisement

ये भी पढ़ें : वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, तोड़ा सचिन का 36 साल पुराना रिकॉर्ड, एक और पर नजर

Featured Video Of The Day
छपरा: ज्वेलरी दुकान से दिनदहाड़े शातिर ने उड़ाया 70 ग्राम सोना
Topics mentioned in this article