यह ख़बर 30 अक्टूबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

अब वाइन बाजार में दिग्गज कंपनी बनेगी यूबी

खास बातें

  • देश की सबसे बड़ी शराब कंपनी युनाइटेड ब्रूवरीज (यूबी) ने चालू वित्तवर्ष के अंत तक भारत की दूसरी सबसे बड़ी वाइन कंपनी बनने का लक्ष्य रखा है।
New Delhi:

देश की सबसे बड़ी शराब कंपनी युनाइटेड ब्रूवरीज (यूबी) ने चालू वित्तवर्ष के अंत तक भारत की दूसरी सबसे बड़ी वाइन कंपनी बनने का लक्ष्य रखा है, जिसके लिए उसने देशभर में वितरण नेटवर्क मजबूत किया है। इस समय भारत में वाइन बाजार में सबसे बड़ी वाइन कंपनी सुला वाइनयार्ड तथा ग्रोवर वाइनयार्ड है। यूबी समूह की कंपनी यूबी वाइन्स के निदेशक अभय केवदकर ने बताया कि देश में वाइन का बाजार सालाना 40 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है, जबकि यूबी वाइन्स ने चालू वित्तवर्ष की पहली छमाही में बिक्री में 72 से 80 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। कंपनी मुख्य तौर पर वाइन ब्रांड फोर सीजन्स पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा, हमने चालू वित्तवर्ष के अंत तक दूसरे पायदान पर पहुंचने का लक्ष्य रखा है। यूबी वाइन्स के पास एंट्री लेवेल से लेकर सुपर प्रीमियम तक की रेंज में वाइन उपलब्ध है जिसकी कीमत 300 रुपये से लेकर 1,000 रुपये के बीच है। केवदकर ने कहा कि इसके अलावा, कंपनी फ्रांस से आयातित बुवेद लादूबे ब्रांड भी भारत में बेच रही है, जो 1,500 रुपये से 1,800 रुपये में उपलब्ध है। कंपनी तीन-चार महीने में कुछ नए ब्रांड पेश करेगी। पिछले साल के बिक्री आंकड़ों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, चूंकि कंपनी ने इसी साल पूरे भारत में वाइन की बिक्री शुरू की है, इसलिए पिछले साल के आंकड़ों से इस साल के आंकड़ों की तुलना नहीं की जा सकती। देश में वाइन पर अत्यधिक शुल्क एवं करों पर चिंता जताते हुए अभय केवदकर ने कहा कि यूरोप एवं अमेरिका में वाइन बिक्री शराब से कहीं अधिक है, लेकिन भारत में वाइन पर शराब के समान कर लगते हैं, जिससे यह थोड़ी महंगी हो जाती है। उन्होंने कहा कि अगर वाइन की बिक्री बढ़ेगी, तो इससे अंगूर की खेती करने वाले किसानों को लाभ होगा, क्योंकि कंपनियां इन किसानों के साथ 15 साल तक का अनुबंध करती हैं, जिससे किसानों को निश्चित आय प्राप्त होती है। उल्लेखनीय है कि वाइन में अल्कोहल की मात्रा 12.5 प्रतिशत होती है, जबकि शराब में यह 42 प्रतिशत तक होती है। इंडियन वाइन एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष अरोड़ा के मुताबिक भारत में वाइन का सालाना बाजार 15 लाख से 18 लाख पेटियों का है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com