यह ख़बर 22 मार्च, 2012 को प्रकाशित हुई थी

बढ़े हुए रेल किराये वापस होंगे : रेलमंत्री

खास बातें

  • देश के नए रेलमंत्री मुकुल रॉय ने आज बजट में बढ़ाए गए जनरल, स्लीपर और थ्री-टियर एसी के बढ़े रेल किरायों को वापस लेने की घोषणा की।
नई दिल्ली:

रेल मंत्री मुकुल राय ने रेल बजट में प्रस्तावित यात्री किराये में सामान्य श्रेणी से एसी-3 तक की श्रेणियों में की गई बढ़ोतरी को आज वापस लेने का ऐलान किया।

रेल बजट 2012-13 पर लोकसभा में हुई चर्चा के जवाब में राय ने सामान्य श्रेणी, उपनगरीय ट्रेनों के किरायों, शयनयान, एसी चेयरकार और एसी-3 टियर के किरायों में प्रस्तावित बढ़ोतरी को वापस लेने की घोषणा की।
रेल मंत्री ने रेलवे के लिए संसाधन जुटाने के उद्देश्य से आक्रामक अभियान चलाने की बात कही। साथ ही कहा कि रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में सुरक्षा तथा साफ सफाई को एजेंडे में शीर्ष पर रखा जाएगा।

गौरतलब है कि इस रेल बजट को पूर्व रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी ने पेश किया था, जिसमें सभी श्रेणियों के यात्री किरायों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव किया गया था। तृणमूल कांग्रेस ने इस बढ़ोतरी का विरोध किया था और तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी के दबाव में त्रिवेदी को रेल मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। रेल बजट पर चर्चा की शुरुआत के दिन 20 मार्च की सुबह ही नए रेल मंत्री के रूप में राय को शपथ दिलाई गई और उन्होंने ही चर्चा का जवाब दिया।

राय ने कहा कि किराया बढ़ोतरी के प्रस्ताव से आम आदमी काफी गुस्से में है। इससे उनकी जेब पर भारी बोझ पड़ा है। ‘‘ मैं स्लीपर, उपनगरीय, एसी चेयरकार, सामान्य और एसी-3 टियर की किराया बढ़ोतरी वापस लेकर (आम आदमी को) राहत देना चाहता हूं। ’’ राय ने एसी-2 और एसी-1 के किरायों में प्रस्तावित बढ़ोतरी को वापस नहीं लिया। किराया वापसी के बड़े फैसले के साथ ही नए रेल मंत्री ने पूर्व मंत्री त्रिवेदी द्वारा पेश बजट में रेलवे बोर्ड के विस्तार के प्रस्ताव को भी फिलहाल रोक दिया है। त्रिवेदी ने बोर्ड में दो अतिरिक्त सदस्यों को शामिल करने का प्रस्ताव किया था।

रेल मंत्री ने आश्वासन दिया कि बिना फाटक वाली रेलवे क्रॉसिंगों पर होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए वह समयबद्ध तरीके से ऐसे फाटकों को समाप्त करने का कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि सुरक्षा श्रेणी के सभी रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरा जाएगा और साथ ही निचले श्रेणी के कर्मचारियों एवं विकलांगों के रिक्त पदों को भरा जाएगा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

राय ने तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी की तारीफ करते हुए कहा कि रेल मंत्री के रूप में उन्होंने रेलवे के आधुनिकीकरण के लिए विजन-2020 पेश किया था। राय ने कहा कि वह विजन रेलवे के विकास का रोडमैप होगा। उन्होंने कहा, ‘‘ ममता ने समावेशी विकास की परिकल्पना की थी। मैं उसे सलाम करता हूं और वादा करता हूं कि आम आदमी के लिए उनके एजेंडे को आगे बढ़ाऊंगा। त्रिवेदी ने रेल बजट में उपनगरीय और सामान्य द्वितीय श्रेणी के किराये में दो पैसे प्रति किलोमीटर, मेल और एक्सप्रेस गाड़ियों के दूसरे सामान्य दर्जे के किराए में तीन पैसे प्रति किलोमीटर, शयनयान के लिए पांच पैसे प्रति किलोमीटर, एसी चेयरकार और एसी-3 के लिए 10 पैसे प्रति किलोमीटर, एसी-2 के लिए 15 पैसे प्रति किलोमीटर और एसी-1 के लिए 30 पैसे प्रति किलोमीटर किराया बढ़ोतरी का प्रस्ताव किया था।