खास बातें
- सरकार ने कहा कि ट्राई ने लाइसेंस संबंधी शर्तों के अनुसार 43 एकीकृत अभिगम सेवा (यूएएस) लाइसेंसों को रद्द करने की सिफारिश की है।
नई दिल्ली: सरकार ने कहा कि ट्राई ने लाइसेंस संबंधी शर्तों के अनुसार 43 एकीकृत अभिगम सेवा (यूएएस) लाइसेंसों को रद्द करने की सिफारिश की है। ट्राई ने इसके साथ ही 2006 से 2008 के बीच प्रदान किए गए 145 यूएएस लाइसेंसों में से 31 लाइसेंसों को रद्द करने पर विचार करने की सिफारिश की है। संचार एवं आईटी मंत्री कपिल सिब्बल ने राम जेठमलानी के सवालों के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्राई ने पुनर्विचार के बाद 14 जुलाई 2011 के अपने एक पत्र में 53 लाइसेंसों को रद्द करने की सिफारिश की है। उन्होंने कहा कि ट्राई ने 30 अन्य यूएएस लाइसेंसों को रद्द करने के मुद्दे पर एक बार फिर कानूनी राय लेने की सिफारिश की है। इस संबंध में कानूनी सलाह को ध्यान में रखते हुए ट्राई की सिफारिशों पर अंतिम फैसला किया जाएगा।