खास बातें
- टाटा स्टील ने ऑस्ट्रेलिया की खनन कंपनी रिवर्सडेल में अपनी हिस्सेदारी 2.93 प्रतिशत बढ़ाकर 27.14 फीसद कर ली है।
मेलबर्न/नई दिल्ली: टाटा स्टील ने ऑस्ट्रेलिया की खनन कंपनी रिवर्सडेल में अपनी हिस्सेदारी 2.93 प्रतिशत बढ़ाकर 27.14 फीसद कर ली है। इससे रियो टिंटो के लिए रिवर्सडेल के अधिग्रहण और कठिन हो गया है। दुनिया की सबसे बड़ी खनन कंपनी रियो टिंटो ने रिवर्सडेल के अधिग्रहण के लिए 3.9 अरब ऑस्ट्रेलियाई डालर की बोली लगाई थी। रिवर्सडेल ने सोमवार को ऑस्ट्रेलियाई शेयर बाजार को भेजी सूचना में कहा है कि उसकी सबसे बड़ी शेयरधारक टाटा स्टील ने कंपनी में अपनी हिस्सेदारी 28 फरवरी से एक मार्च के दौरान बढ़ाई है। टाटा स्टील के पास अब रिवर्सडेल के 6.42 करोड़ शेयर हैं, जो कंपनी की 27.14 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर हैं। जनवरी में रिवर्सडेल ने रियो टिंटो की उसके अधिग्रहण के लिए 16 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर प्रति शेयर की बोली को मंजूरी दी थी। उद्योग सूत्रों का कहना है कि इस कदम के बाद टाटा स्टील अब मोलभाव की स्थिति में है। सूत्रों ने हालांकि कहा कि टाटा स्टील का मकसद तत्काल मुनाफा कमाना नहीं है, बल्कि वह कोयला चाहती है।