यह ख़बर 01 जुलाई, 2013 को प्रकाशित हुई थी

टाटा, बिड़ला, इंडिया पोस्ट समेत 26 ने दिए बैंक लाइसेंस के लिए आवेदन

खास बातें

  • नए बैंक लाइसेंस के लिए रिजर्व बैंक को 26 आवेदन मिले हैं। आवेदन जमा करने का सोमवार को आखिरी दिन था। आवेदन देने वालों वालों में टाटा संस, एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस, आदित्य बिड़ला नूवो, डाक विभाग, रिलायंस कैपिटल तथा बजाज फिनसर्व शामिल हैं।
मुंबई:

नए बैंक लाइसेंस के लिए रिजर्व बैंक को 26 आवेदन मिले हैं। आवेदन जमा करने का सोमवार को आखिरी दिन था। आवेदन देने वालों वालों में टाटा संस, एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस, आदित्य बिड़ला नूवो, डाक विभाग, रिलायंस कैपिटल तथा बजाज फिनसर्व शामिल हैं।

बैंक लाइसेंस के लिए समयसीमा समाप्त होने के बाद केंद्रीय बैंक ने कहा, ‘रिजर्व बैंक को नए बैंक लाइसेंस के लिए 26 आवेदन मिले हैं।’ रिजर्व बैंक ने 22 फरवरी को ‘निजी क्षेत्र में नए बैंक लाइसेंस’ के लिए दिशानिर्देश 22 फरवरी को जारी किया था और इस बारे में स्पष्टीकरण जून के पहले सप्ताह में दिया। हालांकि यह अबतक साफ नहीं है कि कितने नये बैंक लाइसेंस जारी किए जाएंगे।

बंधन फाइनेंशियल सर्विसेज, एडलविस फाइनेंशियल सर्विसेज, आईडीएफसी, आईएफसीआई, इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस, इंडिया इंफोलाइन, इनमाक्स मैनेजमेंट सर्विसेज, जनलक्ष्मी फाइनेंशिया सर्विसेज, जेएम फाइनेंशियल तथा एलएंडटी फाइनेंस होल्डिंग्स ने भी आवेदन दिए हैं।

इसके अलावा आवेदन देने वालों में मैगमा फिनकार्प, मुथूट फाइनेंस, रेलिगेयर इंटरप्राइजेज, श्रीराम कैपिटल, स्मार्ट ग्लोबल वेंचर्स, श्रेई इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस, सूर्यमणि फाइनेंसिंग कंपनी, भारतीय पर्यटन वित्त निगम, यूएई एक्सचेंज एंड फाइनेंशियल सर्विसेज तथा वीडियोकान की अनुषंगी वैल्यू इंडस्ट्रीज शामिल हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इससे पहले, रिजर्व बैंक के गवर्नर डी सुब्बाराव ने कहा था, ‘हर कोई जो इसके लिए उपयुक्त और फिट है, उसे बैंक लाइसेंस नहीं दिया जाएगा क्योंकि हमारा मानना है कि योग्य आवेदनकर्ताओं की संख्या उससे कहीं अधिक होगी जितना हम लाइसेंस दे सकते हैं।’