यह ख़बर 03 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

कभी किसी को रिश्वत या लाभ नहीं दिया : टाटा

खास बातें

  • टाटा ने इन आरोपों को खारिज कर दिया कि कंपनी ने 2जी स्पेक्ट्रम पाने के लिए पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा को रिश्वत दी थी।
मुंबई:

टाटा समूह के चेयरमैन रतन टाटा ने बुधवार को इन आरोपों को खारिज कर दिया कि कंपनी ने 2जी स्पेक्ट्रम पाने के लिए पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा को रिश्वत दी थी। उन्होंने कहा कि अदालत में इस तरह के जो आरोप लगाए गए हैं, उसका मकसद मामले को भटकाना है। टाटा स्टील की सालाना आम बैठक के दौरान एक शेयरधारक द्वारा इस बारे में पूछे जाने पर टाटा ने कहा, दुर्भाग्य से देश में मानहानि कानून नहीं है, कोई भी अदालत में कुछ कह सकता है और बच सकता है। टाटा ने कहा, श्री राजा को एक पैसा भी नहीं दिया गया। यह पैसा अस्पताल और चिकित्सा उपकरणों के लिए था, जो लोगों के लिए बनना था। चूंकि कोई अस्पताल नहीं बना और कोई उपकरण नहीं खरीदा गया, कोई पैसा भी नहीं दिया गया। इस तरह की खबरें आई थीं कि टाटा ने राजा के लोकसभा क्षेत्र में एक अस्पताल को 20 करोड़ रुपये दिए थे। हम अग्रिम में भुगतान नहीं करते। यह मामले को भटकाने का प्रयास है। 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में जेल में बंद स्वान टेलीकाम के प्रवर्तक शाहिद उस्मान बलवा ने कल अदालत में कहा था कि टाटा ने तमिलनाडु के एक अस्पताल को 20 करोड़ रुपये दान दिया था। टाटा ने टाटा स्टील की 104वीं एजीएम के मौके पर कहा, हमने ए राजा को 20 करोड़ रुपये नहीं दिए। यह बात अदालत में मामले को भटकाने के मकसद से कही गई है। उन्होंने कहा, मुझे भरोसा है जब धूल छंटेगी, तब सब कुछ साफ हो जाएगा।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com