यह ख़बर 10 अक्टूबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

छापे की खबर से सन टीवी का शेयर 16% लुढ़का

खास बातें

  • दयानिधि मारन और कलानिधि मारन से जुड़े परिसरों में सीबीआई के छापे के बाद उक्त कंपनी का शेयर 16 फीसदी लुढ़क गया।
Mumbai:

पूर्व दूरसंचार मंत्री दयानिधि मारन और उनके भाई और सन टीवी के मुखिया कलानिधि मारन से जुड़े परिसरों में सीबीआई के छापे के बाद शेयर बाजारों के शुरुआती कारोबार में उक्त कंपनी का शेयर 16 फीसदी लुढ़क गया। सीबीआई ने एयरसेल-ऐक्सिस के विवादास्पद सौदे के संबंध में मारन बंधु के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद उनसे जुड़े दिल्ली और चेन्नई स्थित परिसरों पर छापे मारे हैं। सीबीआई ने उनके भाई कलानिधि मारन, मैक्सिस के प्रमुख टी आनंद कृष्णन, वरिष्ठ कार्यकारी राल्फ मार्शल और तीन कपंनियों ऐस्प्रो, मैक्सिस और सन टीवी के खिलाफ आपराधिक साजिस और भ्रष्टाचार के आरोपों में मामले दर्ज किए हैं। मामला दर्ज करने के बाद एजेंसी ने मारन भाइयों के दिल्ली और चेन्नई से जुड़े परिसरों की तलाशी ली। सीबीआई की प्रवक्ता धारिणी मिश्रा ने कहा कि सीबीआई ने मारन बंधुओं और अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और भ्रष्टाचार निवारक कानून की विभिन्न धाराओं के तहत 9 अक्टूबर को मामले दर्ज किए गए है। उन्होंने कहा कि सीबीआई ने दिल्ली और चेन्नई के ठिकानों पर तलाशी ली है। इस खबर के कारण बंबई स्टाक एक्सचेंज में शेयर गिरावट के साथ 251.50 रुपये पर खुला और और करीब 10.09 फीसदी गिरकर 235.05 रुपये पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में भी इसी तरह का रुख दिखा, जहां शेयर 254.40 रुपये पर खुलने के बाद 15.86 फीसदी गिरकर 221.20 रुपये पर पहुंच गया।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com