एशियाई बाजारों में आई सुस्ती का असर घरेलू बाजार पर देखा जा रहा है.
नई दिल्ली: Stock Market Opening: भारतीय शेयर बाजार (Stock Market) शुक्रवार 25 नवंबर को बढ़त के साथ खुला. हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी (Nifty) दोनों ने सुस्त शुरुआत की है. सेंसेक्स कारोबारी सत्र की शुरुआत में 101.03 अंकों की गिरावट के साथ 62,171.65 पर पहुंच गया. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 24.20 अंकों के नुकसान के साथ 18,459.90 पर खुला. बीएसई स्मॉलकैप 74 अंकों की गिरावट के साथ 62,197.70 पर, बीएसई मिडकैप 130 अंकों की गिरावट के साथ 62,142.17 पर जबकि बीएसई लार्जकैप 13.98 अंकों की गिरावट के साथ 7,125.77 के स्तर पर कारोबाक शुरु किया.
इन शेयरों में हुई सबसे ज्यादा हलचल
बजाज फाइनेंस, नेस्ले, एशियन पेंट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इंफोसिस, टाइटन, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस, पॉवर ग्रिड और आईटीसी के शेयर नुकसान में कारोबार कर रहे थे. वहीं, लार्सन एंड टूब्रो, एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक और एनटीपीसी के शेयरों पर निवेशक मेहरबान नजर आए. इन शेयरों के लिए कारोबार के शुरुआत से ही खरीदारी देखी गई.
एशियाई बाजारों में आई सुस्ती की वजह से निवेशकों के रुख में बदलाव
आज के कारोबार सत्र की शुरुआत लाल निशान पर हुई, क्योंकि एशियाई बाजारों में आई सुस्ती की वजह से निवेशकों के रुख में बदलाव आया. आज बाजार के खुलते ही निवेशकों की बिकवाली देखी गई.
पिछले कारबारी सत्र में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 762.10 अंक की तेजी के साथ 62,272.68 अंक पर बंद हुआ था. कल के कारोबार के दौरान यह 62,412.33 अंक के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था. जबकि निफ्टी निफ्टी भी 216.85 अंक यानी 1.19 प्रतिशत की बढ़त के साथ 18,484.10 अंक पर बंद हुआ था. पिछले सत्र में निफ्टी अपने 52 सप्ताह के उच्च स्तर 18,529.70 तक जा पहुंचा था.
डॉलर के मुकाबले रुपया 16 पैसे हुआ मजबूत
वही, आज शुरुआती कारोबार के दौरान अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 16 पैसे बढ़कर 81.54 पर पहुंच गया. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 81.69 पर खुला और अपने पिछले बंद भाव से 16 पैसे की बढ़ोतरी के साथ 81.54 पर आ गया. वहीं, पिछले दिन यानी गुरुवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 23 पैसे की मजबूती दर्ज करते हुए 81.70 पर बंद हुआ था.
विदेशी निवेशक एक बार फिर बने खरीदार
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने गुरुवार को शुद्ध रूप से 1,232 करोड़ रुपये के भारतीय शेयरों की खरीदारी की है. अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.23 फीसदी की बढ़त के साथ 85.54 डॉलर प्रति बैरल पर था.