यह ख़बर 14 नवंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

शेयर बाजार में गिरावट थमी, सेंसेक्स 205 अंक चढ़ा

मुंबई:

बैंकिंग तंत्र में नकदी बढ़ाने के नए उपायों की रिजर्व बैंक की घोषणा एवं अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा आर्थिक प्रोत्साहन जारी रखने की नयी उम्मीदों से बंबई शेयर बाजार में सात दिन से जारी गिरावट आज थम गई और सेंसेक्स 205 अंक चढ़ गया।

पिछले सात दिन में 1,045 अंक गंवाने वाला सेंसेक्स आज 205.02 अंक के सुधार के साथ 20,399.42 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह दिन के उच्च स्तर 20,568.99 अंक पर पहुंच गया था।

इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 66.55 अंक उपर 6,056.15 अंक पर जा टिका, जबकि एमसीएक्स स्टाक एक्सचेंज का एसएक्स.40 सूचकांक 117.27 अंक मजबूत होकर 12,119.39 अंक पर बंद हुआ।

टाटा मोटर्स, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी, एचडीएफसी बैंक, टाटा स्टील और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स को बढ़त हासिल करने में मदद मिली।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

नोमूरा की विश्लेषक सोनल वर्मा ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि बाजार ने थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति के आंकड़ों को नजरअंदाज किया। मुद्रास्फीति अक्तूबर में बढ़कर 7 प्रतिशत पर पहुंच गई जो सितंबर में 6.5 प्रतिशत थी। उन्होंने कहा कि मुद्रास्फीति के आंकड़े आमतौर पर बाजार के अनुमान के मुताबिक रहे।