खास बातें
- ऊंची ब्याज दर के चलते कंपनियों की आय प्रभावित होने की आशंका छाई रही, जिससे शेयर बाजार लगातार तीसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुए।
Mumbai: खाद्य मुद्रास्फीति में गिरावट के बावजूद ऊंची ब्याज दर के चलते कंपनियों की आय प्रभावित होने की आशंका बाजार पर छाई रही, जिससे शेयर बाजार लगातार तीसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुए। पिछले दो कारोबारी सत्रों में करीब 445 अंक टूटने वाला बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स गुरुवार को और 129.73 अंक की गिरावट के साथ 17,463.04 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले सेंसेक्स ने यह स्तर पिछले साल 7 जुलाई को देखा था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 27.75 अंक टूटकर 5,225.80 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह दिन के निचले स्तर 5,196.80 अंक पर आ गया था। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच का दायरा बढ़ने से निवेशकों की धारणा कमजोर रही। वहीं इंडियन ऑयल के तिमाही नतीजे बाजार के अनुमान पर खरे नहीं उतरे।