यह ख़बर 11 अक्टूबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 174 अंक चढ़ा

खास बातें

  • फंडों और खुदरा निवेशकों द्वारा की लिवाली से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स गुरुवार के कारोबार में 174 अंक की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह, निफ्टी में 56 अंकों की बढ़त दर्ज की गई।
मुंबई:

इंफोसिस और एचडीएफसी बैंक के तिमाही नतीजे बेहतर रहने की उम्मीद में निवेशकों की चौतरफा लिवाली से शेयर बाजार में गुरुवार को तेजी लौट आई और बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 174 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ।

बुधवार को 162 अंक गंवाने वाला सेंसेक्स 173.65 अंक ऊपर चढ़कर 18,804.75 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह दिन के उच्च स्तर 18,847.81 अंक पर पहुंच गया था।

इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 55.90 अंक सुधरकर 5,708.05 अंक हो गया। ब्रोकरों ने कहा कि निवेशक टोक्यो में वित्तमंत्री पी चिदंबरम के बयान से भी उत्साहित हुए। चिदंबरम ने कहा कि स्टैंडर्ड एंड पूअर्स द्वारा देश की साख की रेटिंग घटाए जाने को लेकर कोई गंभीर खतरा नहीं है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उल्लेखनीय है कि बुधवार को एसएंडपी द्वारा भारत की साख कमजोर करने की चेतावनी का शेयर बाजार पर प्रतिकूल असर हुआ, जिससे सेंसेक्स 162 अंक टूट गया।