Sensex, Nifty Updates: सेंसेक्स-निफ्टी में फ्लैट ट्रेडिंग. (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुंबई: घरेलू शेयर बाजार में आज मंगलवार को फ्लैट ट्रेडिंग देखी गई. वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को कारोबार की शुरुआत सुस्त रही और दोनों मानक सूचकांक गिरावट के साथ खुले. सुबह 10.25 पर सेंसेक्स 49.36 अंकों या 0.091% की बढ़त के साथ 54,570.51 के स्तर पर था. वहीं निफ्टी भी 11.35 अंको या 0.070% की मामूली तेजी के साथ 16,289.85 के स्तर पर था. बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 117.3 अंक गिरकर 54,403.85 अंक पर दर्ज हुआ था. वहीं निफ्टी 28.80 अंक कमजोर होकर 16,249.70 अंक पर था.
सेंसेक्स की कंपनियों में से एशियन पेंट्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फिनसर्व, इंफोसिस, नेस्ले, लार्सन एंड टुब्रो, इंडसइंड बैंक और टाइटन के शेयरों में गिरावट का रुख देखा गया. वहीं महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट और मारुति सुजुकी के शेयर बढ़त पर रहे.
एशियाई बाजारों में सोल, शंघाई और हांगकांग के सूचकांक निचले स्तर पर कारोबार कर रहे थे जबकि टोक्यो का सूचकांक बढ़त पर रहा. अमेरिकी बाजारों में सोमवार को गिरावट दर्ज की गई थी.
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया शुरुआती कारोबार में सात पैसे की गिरावट के साथ अब तक के रिकॉर्ड निचले स्तर 80.05 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंचा.
इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.35 प्रतिशत गिरकर 105.90 डॉलर प्रति बैरल पर रहा.
विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को भारतीय शेयर बाजारों में खरीदारी की. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को विदेशी निवेशकों ने 156.08 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध लिवाली की.
पिछले सत्र में शेयर बाजार में सोमवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी रही और दोनों मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी एक प्रतिशत से अधिक मजबूत हुए थे. वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच आईटी, तेल और गैस तथा बैंक शेयरों में लिवाली से घरेलू बाजार में तेजी आई थी. सेंसेक्स 760.37 अंक यानी 1.41 प्रतिशत की बढ़त के साथ 54,521.15 अंक पर बंद हुआ. निफ्टी भी 229.30 अंक यानी 1.43 प्रतिशत मजबूत होकर 16,278.50 अंक पर बंद हुआ था.