Stock Market : पिछले दिन सेंसेक्स 62,508.80 के लेवल पर बंद हुआ था.
नई दिल्ली: Stock Market Opening: ग्लोबल मार्केट से मिले कमजोर संकेत के बीच भारतीय शेयर बाजार (Stock Market) ने आज कारोबार की शुरुआत सपाट नोट पर की है. हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी (Nifty) दोनों गिरावट के साथ खुला. सेंसेक्स कारोबारी सत्र की शुरुआत में 144 अंक टूटकर 62360 के लेवल पर खुला. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी नुकसान के साथ खुला. निफ्टी ने 24.20 अंकों की गिरावट के साथ 18,459.90 के लेवल पर कारोबार की शुरुआत की.
हालांकि, लाल निशान पर कारोबार की शुरुआत करने के बाद बाजार ने जल्द ही रिकवरी कर ली. जिसके बाद सेंसेक्स 91.15 अंक यानी 0.15 प्रतिशत बढ़कर 62595.95 पर और निफ्टी 33 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की तेजी के साथ 18595.80 के लेवल पर कारोबार करता दिखाई दिया.
आज के कारोबारी सत्र की शुरुआत में अपोलो हॉस्पिटल्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, डॉ रेड्डीज, हिंडाल्को, और टाटा स्टील सबसे ज्यादा लाभ में थे और हरे निशान पर कारोबार कर रहे थे. जबकि बजाज फिनसर्व, टाटा मोटर्स, बीपीसीएल, एलएंडटी, और मारुति सुजुकी सबसे ज्यादा नुकसान में थे. इन शेयरों में कारोबार की शुरुआत से ही निवेशकों ने कम रुचि दिखाई.
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले कारोबारी दिन रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंचने के बाद बीएसई सेंसेक्स 211.16 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की बढ़त के साथ 62,508.80 पर बंद हुआ था.
अगर अन्य एशियाई बाजारों की बात करें तो सियोल, शंघाई और हांगकांग के बाजार हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि टोक्यो के बाजार में गिरावट दर्ज की गई है. वहीं, वॉल स्ट्रीट भी सोमवार को नकारात्मक नोटपर बंद हुआ था.
इसके अलावा अंतर्राष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1.39 प्रतिशत बढ़कर 84.35 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था.
एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FPI) सोमवार को फिर से खरीदार बने. उन्होंने कल के कारोबारी सत्र के दौरान 935.88 करोड़ रुपये के भारतीय शेयरों की खरीद की है..