शेयर बाजार मामूली तेजी के साथ खुले.
मुंबई: देश के शेयर बाजारों में सोमवार को सुबह के कारोबार में मामूली तेजी देखी जा रही लेकिन ये तेजी कुछ ही मिनटों में खत्म हो गई. सुबह सेंसेक्स 105 अंक की तेजी के साथ 57632 पर कारोबार कर रहा था जबकि निफ्टी 27 अंक की तेजी के साथ 16972 पर कारोबार कर रहा था, लेकिन बाद में दोनों सूचकांक लाल निशान के साथ कारोबार करने लगे.
बता दें कि बिकवाली दबाव के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही थी और बीएसई सेंसेक्स 398 अंक नुकसान में रहा था. वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के साथ धातु, ऊर्जा और रियल्टी शेयरों में बिकवाली से बाजार नीचे आया था.
कारोबारियों के अनुसार इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर में गिरावट तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी जारी रहने से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई थी.
इस दौरान, तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 398.18 अंक यानी 0.69 प्रतिशत की गिरावट के साथ 57,527.10 अंक पर बंद हुआ था. इसके 24 शेयरों में गिरावट रही थी. कारोबार के दौरान सेंसेक्स ऊंचे में 58,066.40 अंक तक गया और नीचे में 57,422.98 अंक तक आया था.
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 131.85 अंक यानी 0.77 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,000 अंक स्तर के नीचे आ गया था और यह 16,945.05 अंक पर बंद हुआ था. निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 41 शेयर नुकसान में रहे थे.
साप्ताहिक आधार पर, सेंसेक्स 462.8 अंक यानी 0.79 प्रतिशत तक गिर गया, जबकि निफ्टी 155 अंक या 0.90 प्रतिशत फिसला था.